KRIDA NEWS

IND vs SL: सूर्यकुमार यादव के लिए हुआ शुभ शुरुआत, श्रीलंका को 43 रनों से हराकर सीरीज 1-0 से बढ़त बनाई

IND vs SL: भारतीय टीम (Team India) ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (58) के आक्रामक अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से शनिवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका को 43 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त हासिल की। सूर्यकुमार और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की बदौलत भारत ने सात विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को शीर्ष क्रम ने अच्छी शुरूआत दिलाई। लेकिन इसके बावजूद टीम 19.2 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने 79 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। निसांका (48 गेंद, सात चौके, चार छक्के) ने पहले विकेट के लिए कुसल मेंडिस (45 रन) ने 84 रन की साझेदारी बनाई। फिर उन्होंने कुसल परेरा के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रन की भागीदारी की। पर भारतीय गेंदबाजों ने लगातार झटके देकर प्रतिद्वंद्वी टीम को पूरे ओवर नहीं खेलने दिये।

भारत को पहली सफलता अर्शदीप सिंह (24 रन देकर दो विकेट) ने नौवें ओवर में मेंडिस को आउट करके दिलाई। इसके बाद अक्षर पटेल ने 38 रन देकर निसांका (48 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और परेरा (20 रन) के विकेट झटके। रियान पराग ने 1.2 ओवर में महज पांच रन देकर तीन विकेट हसिल किये जबकि रवि बिश्नोई और मोहम्मद सिराज को भी एक एक विकेट मिला।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (40 रन) और शुभमन गिल (34 रन) के अच्छी शुरूआत करने के बाद सूर्यकुमार (26 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (49 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी से भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

भारत की टी20 कप्तान के कप्तान बनाये जाने के बाद सूर्यकुमार ने अपने पहले मैच में 26 गेंद की पारी में आठ चौके और दो छक्के जड़े। इस दौरान उन्होंने अपना 20वां अर्धशतक जमाया। पंत (33 गेंद, छह चौके, एक छक्का) को शुरू में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन इसके बाद वह अपने अर्धशतक के करीब पहुंचे लेकिन एक रन से चूक गये।

धीमी पिच पर श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों की लेंथ अनियमित थी। लेकिन हसारंगा (चार ओवर में 28 रन देकर एक विकेट) ने शानदार प्रदर्शन किया। पाथिराना ने कुछ परफेक्ट यार्कर फेंकने के बाद 40 रन देकर चार विकेट झटके।

Read More

‘दिव्य दौड़–चैप्टर 2’ से बदलेगी सोच, 24 जनवरी को पटना में दिव्यांगजनों की मिनी मैराथन

पटना: दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मबल और क्षमता को समाज के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से SWARG संस्था की ओर से ISPL के तत्वावधान में 24 जनवरी 2026 को पटना में “दिव्य दौड़ – चैप्टर 2” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दिव्यांगजनों के लिए समर्पित 5 किलोमीटर की मिनी मैराथन होगी, जिसकी शुरुआत सुबह 9:00 बजे होगी।

मिनी मैराथन का शुभारंभ जगजीवन राम शोध संस्थान से होगा, जो अटल पथ होते हुए उदय चौक तक जाएगी और पुनः जगजीवन राम शोध संस्थान पर आकर संपन्न होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच को सकारात्मक दिशा देना और यह संदेश देना है,“मुझे मेरी अक्षमता से नहीं, मेरी क्षमता से पहचानिए।”

यह कार्यक्रम ISPL एवं SBI के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें टाटा स्टील, बिसलेरी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है। SWARG संस्था के अध्यक्ष निर्मल मिश्रा ने बताया कि “दिव्य दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जो दिव्यांगजनों को आत्मसम्मान, समान अवसर और समाज में बराबरी का स्थान दिलाने की दिशा में एक सशक्त पहल है।”

वहीं संस्था के सचिव राकेश कुमार ने कहा कि इस मैराथन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, आवश्यकता केवल अवसर और सकारात्मक सोच की है। कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी कार्यक्रम समन्वयक प्रबोध सिंह निभा रहे हैं, जबकि आयोजन की संपूर्ण योजना एवं प्रबंधन में स्टेट कॉर्डिनेटर सौम्य मिश्रा की अहम भूमिका है।

इस मैराथन में दिव्यांग प्रतिभागियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के युवा, छात्र, खिलाड़ी, स्वयंसेवक एवं सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय रूप से भाग लेंगी। आयोजन के दौरान जागरूकता संदेश, प्रेरणादायक गतिविधियां और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

संस्था ने आम नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, कॉर्पोरेट जगत और मीडिया से अपील की है कि वे इस आयोजन में भाग लेकर तथा इसके प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहयोग करें। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष निर्मल मिश्रा, सचिव राकेश कुमार, मुख्य समन्वयक प्रबोध सिंह एवं स्टेट कॉर्डिनेटर सौम्य मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम विवरण (At a Glance)

  • कार्यक्रम: दिव्य दौड़ – चैप्टर 2 (5K मिनी मैराथन)
  • तिथि: 24 जनवरी 2026 (शनिवार)
  • समय: सुबह 9:00 बजे
  • मार्ग: जगजीवन राम शोध संस्थान → अटल पथ → उदय चौक → जगजीवन राम शोध संस्थान
Read More

TCAB की स्टेट चैंपियनशिप 2025–26 के लिए ट्रायल की घोषणा, अंडर-14 व सीनियर टीम का चयन

पटना: टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (TCAB) के तत्वावधान में दूसरी स्टेट चैंपियनशिप 2025–26 के लिए अंडर-14 और सीनियर वर्ग की टीमों के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। टीसीएबी मैनेजमेंट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सीनियर वर्ग के ट्रायल 27 जनवरी 2026 को जबकि अंडर-14 वर्ग के ट्रायल 28 जनवरी 2026 को आयोजित किए जाएंगे। यह चयन प्रक्रिया SSR क्रिकेट ग्राउंड, सोनपुर, शाहपुर (बिहार) में संपन्न होगी।

संघ ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों के आधार पर आगामी स्टेट चैंपियनशिप 2025–26 के लिए राज्य टीमों का गठन किया जाएगा। चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। ट्रायल से संबंधित टीम सूची और विस्तृत शेड्यूल की घोषणा 22 जनवरी 2026 को की जाएगी।

टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने राज्य के सभी इच्छुक और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।अधिक जानकारी या पंजीकरण से जुड़े किसी भी प्रश्न के लिए खिलाड़ी इस नंबर पर 9128947677, 7979099659, 6203906328 पर संपर्क कर सकते हैं।

Read More

नालंदा जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट कमेटी का गठन, चंदन कुमार गोप बने नए अध्यक्ष

नालंदा: जिले में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विकास, संगठनात्मक मजबूती और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से नालंदा जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट कमेटी का गठन किया गया है। इसकी औपचारिक जानकारी बिहार सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुजय सौरव ने दी। इस नई कमेटी के गठन से जिले में सॉफ्टबॉल क्रिकेट गतिविधियों को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, नालंदा में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए अनुभवी, सक्रिय और खेल के प्रति समर्पित व्यक्तियों को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवगठित कमेटी से यह अपेक्षा की जा रही है कि वह जिले में प्रतियोगिताओं का आयोजन, खिलाड़ियों की पहचान और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगी।

नालंदा जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट कमेटी इस प्रकार है:

  • अध्यक्ष: चंदन कुमार गोप
  • उपाध्यक्ष: सौरभ कुमार
  • सचिव: रवि कुमार
  • संयुक्त सचिव: राहुल
  • कोषाध्यक्ष: अमर सिंह

कमेटी के गठन पर खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को मजबूत आधार प्रदान करेंगे और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देंगे।

उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में नालंदा जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाएगा और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगा।

Read More

जीवतोश सरकार मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हाई परफॉर्मेंस क्रिकेट एकेडमी, धुलियान क्रिकेट एकेडमी को 89 रनों से हराया

पटना: जीवतोश सरकार मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के तहत खेले गए चौथे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हाई परफॉर्मेंस क्रिकेट एकेडमी (एचपीसीए), पटना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धुलियान क्रिकेट एकेडमी को 89 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एचपीसीए पटना की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 204 रन पर ऑलआउट का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से उज्ज्वल कुमार ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 96 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अंश राज (13 रन) और जिगर (12 रन) ने उपयोगी योगदान दिया। धुलियान क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाज़ी में सोहम मंडल और अमृत मित्रा ने 2-2 विकेट हासिल किए, हालांकि वे रन गति पर अंकुश नहीं लगा सके।

205 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी धुलियान क्रिकेट एकेडमी की टीम एचपीसीए पटना के अनुशासित गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने 12 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। धुलियान की ओर से सोहम मंडल ने 55 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि प्रेम राय ने 17 रन बनाए।

एचपीसीए पटना की ओर से गेंदबाज़ी में पार्थ देव ने घातक प्रदर्शन करते हुए 35 रन देकर 4 विकेट झटके और धुलियान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा कृष्णा (2 विकेट), आशीष (2 विकेट) और प्रत्यय अमृत (2 विकेट) ने भी प्रभावशाली गेंदबाज़ी की।

अपने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उज्ज्वल कुमार (96 रन) को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बेहतरीन गेंदबाज़ी के लिए पार्थ देव को बेस्ट बॉलर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अब सेमीफाइनल मुकाबले में हाई परफॉर्मेंस क्रिकेट एकेडमी, पटना का सामना 21 जनवरी 2026 को कालियागंज क्रिकेट एकेडमी से होगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.