KRIDA NEWS

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के तरफ से चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान

नालंदा बिहार शरीफ में बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार के दिशा निर्देश से सामाजिक कार्यों में खिलाड़ियों की जागरूकता बढ़ाने हेतु क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा की ओर से कोच तथा खिलाड़ियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन कराया गया।

दिनांक 26 मई 2024 को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा की ओर से कोच तथा खिलाड़ियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है इससे पूर्व बिहारशरीफ़ में भी मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम करा गया था। इसका मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों द्वारा मत का प्रयोग करा जा सके साथ ही हमारे खिलाड़ियों में समाज से जुड़ने और सिखने का मौका मिले जिससे की भविष्य में इसीतर सीख कर समाजिक कार्यों में भाग लें सके।

जिसके अंतर्गत दीपक कुमार कोच के क्रिकेट अकादमी महामदपुर से होकर एकंगरडीह, एकंगर बाजार, स्टेशन, बस स्टैंड, होकर, बड़ी मंदिर इत्यादि स्थान से होते हुए वापस महामदपुर क्रिकेट अकादमी मैदान में समाप्त किया गया। इस मतदाता जागरूकता अभियान में कोच दीपक कुमार, विक्रम सोलंकी, और एकंगरसराय के सीनियर तथा जूनियर खिलाड़ी शामिल हुए।

31 मई 2024 से पहले नालंदा जिले के विभिन्न प्रखण्डों में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान करा जायेगा।

Read More

आज से पटना में अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग, कई राज्यों की खिलाड़ी लेंगी भाग

पटना: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा 7 से 8 मार्च तक पटना के जेपी गंगा पथ पर अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग (पूर्वी क्षेत्र) का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है।

इस लीग में मेजबान बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, उड़ीसा और मणिपुर की महिला साइकिलिस्ट भाग लेंगी। पूर्वी क्षेत्र की इस प्रतियोगिता में कई प्रतिभावान महिला खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को दिन में एक बजे पटना क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा (आईपीएस) करेंगे।

इस अवसर पर बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, साई पटना क्षेत्र के प्रभारी सोमेश्वर राव, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह तथा बिहार राइफल संघ के सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष जगजीवन सिंह करेंगे।

प्रतियोगिता का आयोजन तीन आयु वर्ग महिला एलीट, महिला जूनियर और महिला सब-जूनियर में किया जाएगा। इन सभी वर्गों में व्यक्तिगत समय परीक्षण और सामूहिक दौड़ स्पर्धाएं आयोजित होंगी। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता महिला साइकिलिस्टों को कुल एक लाख बीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Read More

10 मार्च से शुरू होगा बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 10 मार्च 2026 से किया जाएगा। यह प्रतियोगिता बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेली जाएगी, जिसमें विभिन्न टीमों के उभरते हुए युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 50 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अंडर-13 वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना और उनकी क्रिकेट प्रतिभा को निखारना है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने का अनुभव मिलेगा।

टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट गेंदबाज को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या भागीदारी के लिए इच्छुक टीमें 62009 94426 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच साबित होगी।

Read More

नालंदा के आदर्श राज का चयन विज्जी ट्रॉफी में, ईस्ट जोन के लिए जलवा दिखाते हुए दिखेंगे बिहार के लाल

नालंदा: नालंदा जिले के युवा तेज गेंदबाज आदर्श राज का चयन बीसीसीआई द्वारा आयोजित विज्जी ट्रॉफी में ईस्ट जोन टीम के लिए किया गया है। यह उपलब्धि नालंदा जिले और नालंदा जिला क्रिकेट संघ के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि आदर्श राज नालंदा जिले के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें विज्जी ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की टीम में चुना गया है।

आदर्श राज ने अपने क्रिकेट करियर की शुरूआत बी डी ईवनिंग कॉलेज, पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के अंतर्गत होने वाले इंटर यूनिवर्सिटी घरेलू मैचों में शानदार प्रदर्शन से की। अपने कौशल और मेहनत की बदौलत उन्होंने ईस्ट जोन टीम के कैंप में अपनी जगह बनाई और अभी तक दो मैचों में चार विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

आदर्श राज नालंदा जिले के एकंगरसराय प्रखण्ड के रानीपुर काला गांव के निवासी हैं। उनके माता-पिता अशोक कुमार सिंह और ऋतू कुमारी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए आदर्श राज और नालंदा जिला क्रिकेट संघ को बधाई दी। उम्मीद है कि आदर्श विज्जी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके अपना परचम लहराएंगे।

इस मौके पर नालंदा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, उपाध्यक्ष अजय सिंह, सचिव गोपाल सिंह, पूर्व सचिव एस. एम. जावेद इक़बाल, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने आदर्श राज को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विज्जी ट्रॉफी रणजी ट्रॉफी जितनी ही प्रतिष्ठित मानी जाती है, इसलिए आदर्श राज का चयन आने वाले भविष्य के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में अधिकारी इलेवन, पेसू और राइजिंग स्टार जीते

पटना, 6 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोह प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए तीन मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी देखने को मिली। पेसू ने एलायंस सीसी को 12 रन, राइजिंग स्टार ने केएनसीसी को 8 विकेट से और अधिकारी इलेवन ने लक्ष्य इंजिटेक को 54 रन से हराकर जीत दर्ज की। इन मुकाबलों में कई बल्लेबाजों ने बड़ी पारियां खेलीं, जबकि गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारी इलेवन ने लक्ष्य इंजीटेक को हराया

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी लक्ष्य इंजिटेक के सामने अधिकारी इलेवन ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 6 विकेट पर 288 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य इंजिटेक की टीम 30 ओवर में 9 विकेट पर 234 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

अधिकारी इलेवन की ओर से पुलक ने शानदार शतक लगाते हुए 105 रन (65 गेंद) बनाए, जबकि कप्तान आकाश राज ने तूफानी अंदाज में नाबाद 85 रन (32 गेंद) की पारी खेली। इसके अलावा कुमार रजनीश ने 24 रन, अमन अविनाश ने 25 रन, रोहित कुमार पांडेय ने 12 रन और प्रिंस सिंह ने नाबाद 11 रन का योगदान दिया। निशांत मोहन ने 73 रन देकर चार विकेट चटकाये।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लक्ष्य इंजिटेक की ओर से सत्यम कुमार ने शानदार 109 रन बनाए और अतुल राज ने 59 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। इसके अलावा आदित्य कुमार ने 13 रन, सुधीर कुमार ओझा ने नाबाद 11 रन और मोहम्मद यासीन ने नाबाद 14 रन बनाए। गेंदबाजी में अधिकारी इलेवन के रौशन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 36 रन देकर 5 विकेट झटके, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। विजेता टीम के पुलक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

पेसू ने एलायंस सीसी को 12 रन से हराया

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पेसू की टीम ने 37.1 ओवर में 215 रन बनाए। जवाब में एलायंस सीसी की टीम 40 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हो गई। पेसू की ओर से पंकज कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रन (61 गेंद, 8 चौके) बनाए। इसके अलावा निखिलेश रंजन ने 29 रन और प्रियांशु ने 23 रन का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में रजत कुमार आर्यन ने तेज 22 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। एलायंस सीसी के लिए अगस्त्य और अमन राज ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मनीष मणि ने 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए एलायंस सीसी की ओर से केसी सुधांशु ने 50 रन और अगस्त्य ने 40 रन की पारी खेली। इसके अलावा कृष्णन गौरव ने तेज 34 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 12 रन पीछे रह गई। पेसू के लिए राहुल राठौर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं पवन कुमार ने 3 विकेट और निखिलेश रंजन ने 1 विकेट हासिल किया। विजेता टीम के राहुल राठौर को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

राइजिंग स्टार ने केएनसीसी को हराया

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केएनसीसी की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 26.4 ओवर में 137 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में राइजिंग स्टार ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 26.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 143 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

केएनसीसी की ओर से अनमोल कुमार बोनी ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए, जबकि शुभम सिंह ने नाबाद 29 रन और कप्तान प्रखर ज्ञान ने 21 रन का योगदान दिया। राइजिंग स्टार की ओर से गेंदबाजी में गोविंद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं हर्षवर्धन पांडेय और गुलशन कुमार ने 2-2 विकेट लेकर केएनसीसी की पारी को जल्दी समेट दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग स्टार की शुरुआत शानदार रही। अगस्त्य आनंद ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 44 रन (34 गेंद) बनाए, जबकि कप्तान गुलशन कुमार ने संयमित खेल दिखाते हुए नाबाद 48 रन की पारी खेली। इसके अलावा अमन राज ने 26 रन और गुल्ली ने नाबाद 21 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.