September 13, 2025
No Comments
पटना, 13 सितंबर 2025 : पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 के पहले दिन बिहार की बेटी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। मुंगेर की अंशिका कुमारी ने महिला रिकर्व वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। वहीं पुरुष रिकर्व वर्ग में झारखंड के गोल्डी मिश्रा ने स्वर्ण पर निशाना साधा।
दो दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार बिहार में किया गया है, जिसमें बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित एसपीएसबी, आरएसबी और सीएसईबी की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 350 प्रतिभागी, प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता का हिस्सा बने हैं। इसमें 200 पुरुष और 120 महिला तीरंदाज शामिल हैं। केवल बिहार से 72 खिलाड़ी (36 पुरुष और 36 महिला) भाग ले रहे हैं।
पहले दिन के परिणाम (रिकर्व वर्ग):
महिला वर्ग:
- स्वर्ण – अंशिका कुमारी (बिहार)
- रजत – रूम विश्वास (पश्चिम बंगाल)
- कांस्य – बसंती महतो (पश्चिम बंगाल)चौथा स्थान – प्रज्ञा दलाई (उड़ीसा)
पुरुष वर्ग:
- स्वर्ण – गोल्डी मिश्रा (झारखंड)
- रजत – कृष्ण पिंगा (झारखंड)
- कांस्य – आकाश राज (छत्तीसगढ़)
- चौथा स्थान – शुभम कुमार (बिहार)
विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए गए। स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹20,000, रजत विजेताओं को ₹15,000, कांस्य विजेताओं को ₹10,000 और चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सम्मान समारोह में खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, निदेशक महेन्द्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, अंजलि कुमारी, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आजय कुमार और बिहार आर्चरी एसोसिएशन के सचिव मनोज कुमार मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया।