KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

ICC WORLD CUP 2023: श्रीलंका ने लगभग खत्म किया इंग्लैंड की उम्मीदें, डिफेंडिंग चैंपियन की मुश्किलें बढ़ी

ICC WORLD CUP 2023: इंग्लैंड को सस्ते में समेटने के बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे पाथुम निसांका और सदीरा समरविक्रमा की अटूट शतकीय साझेदारी की मदद से श्रीलंका ने गुरुवार को यहां 146 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से बड़ी जीत दर्ज करके गत चैंपियन को अगर मगर की कठिन डगर पर धकेल दिया। मतलब की अब इंग्लैंड का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन लग रहा है।

MADHU PREMIER LEAGUE(MPL)

श्रीलंका की यह विश्व कप में इंग्लैंड पर लगातार पांचवीं जीत है। उसने 2003 से अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कोई मैच नहीं गंवाया है। वर्तमान विश्व कप में इंग्लैंड की पांच मैच में यह चौथी पराजय है जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना क्षीण पड़ गई है। श्रीलंका ने पांच मैच में दूसरी जीत दर्ज करके पांचवें स्थान पर पहुंचकर अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा है।

इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 33.2 ओवर में 156 रन पर आउट हो गई। श्रीलंका ने 25.4 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को एक तरफ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। निसांका ने 83 गेंद पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 77 रन बनाए। समरविक्रमा ने 54 गेंद पर नाबाद 65 रन की पारी खेली जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल है। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 137 रन की अटूट साझेदारी की।

इंग्लैंड को अपने आक्रामक रवैये पर लौटने की जरूरत थी, लेकिन बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना प्रदर्शन से उसकी टीम 33.2 ओवर में आउट हो गई। असमान उछाल ले रही पिच पर उसके बल्लेबाज जूझते हुए नजर आए। बेन स्टोक्स (73 गेंद पर 43 रन) को छोड़कर उसका कोई भी अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। श्रीलंका की तरफ से लाहिरू कुमारा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 35 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि एंजेलो मैथ्यूज और कासुन रजिता ने दो-दो विकेट लिए।

छोटे लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज डेविड विली (30 रन देकर दो) ने पहले छह ओवर के अंदर सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (04) और कप्तान कुसल मेंडिस (11) को आउट करके श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 23 रन कर दिया था। मेंडिस को जीवनदान भी मिला था लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए।

MADHU PREMIER LEAGUE(MPL)

निसांका शुरू से आक्रामक मूड में दिखे। क्रिस वोक्स की लगातार गेंद पर लगाए गए उनके दो चौके दर्शनीय थे। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने नौवें ओवर में ही गेंद लेग स्पिनर आदिल राशिद को सौंप दी। निसांका ने उनका स्वागत चौके और छक्के से करके इंग्लैंड की यह रणनीति भी नहीं चलने दी। निसांका ने मार्क वुड पर चौका जड़कर 54 गेंद में अपना लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया।

इस बीच समरविक्रमा ने भी राशिद की गेंद छह रन के लिए भेजी। उन्होंने 44 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया जो टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा पचासा है। उन्होंने मोईन अली पर भी लगातार दो चौके लगाए जबकि निसांका ने राशिद पर विजयी छक्का लगाया।

इससे पहले डाविड मलान (25 गेंद पर 28 रन) और जॉनी बेयरस्टो (31 गेंद पर 30 रन) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़कर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरे इंग्लैंड को आक्रामक शुरूआत दिलाई। यह साझेदारी टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और उसकी आधी टीम 85 रन के स्कोर तक पवेलियन पहुंच गई। मलान आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। वह मैथ्यूज की गेंद पर असमंजस की स्थिति में दिखे और विकेटकीपर कुसल मेंडिस को कैच दे बैठे।

जो रूट (03) तेजी से रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए जबकि कप्तान जोस बटलर (08) कुमारा की ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर ड्राइव लगाने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच देकर पवेलियन लौटे। बेयरस्टो भी रजिता की गेंद पर सही टाइमिंग से शॉट नहीं लगा पाए। उन्होंने मिड ऑन पर धनंजय डिसिल्वा को आसान कैच दिया। लियाम लिविंगस्टोन (01) भी कुमारा की गेंद पर गलत लाइन में खेल रहे थे और पगबाधा आउट हो गए। मोईन अली ((15) को मैथ्यूज की गेंद पर कट करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने प्वाइंट पर खड़े कुसल परेरा को आसान कैच किया।

इंग्लैंड को इन बल्लेबाजों से जिम्मेदारी भरी पारी की जरूरत थी लेकिन उन्होंने अपनी गलतियों से विकेट गंवाए। स्टोक्स ने हालांकि जिम्मेदारी दिखाई। वह जब 12 रन पर खेल रहे थे तो सदीरा समरविक्रमा ने उन्हें जीवन दान दिया। इस ऑलराउंडर ने इसका फायदा उठाकर कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने कुमारा की गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दिया इसके बाद इंग्लैंड की पारी सिमटने में देर नहीं लगी। डेविड विली 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

MADHU PREMIER LEAGUE(MPL)

Read More

अंडर-19 क्रिकेट : पटना ने मगध को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

पटना। अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में पटना अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मगध अंडर-19 को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की आक्रामक पारी ने पटना को एकतरफा जीत दिलाई।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन पर ऑलआउट हो गई। मगध की ओर से अंकुल कुमार ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि उत्सव अजय मोदी ने 16 रनों का योगदान दिया। पटना की ओर से शाश्वत जीत राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और मगध की पारी को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।

81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर पटना ने 81 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना के लिए दिवाकर कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। वहीं हरिओम चौधरी ने 24 गेंदों पर 30 रनों की उपयोगी पारी खेली।

पटना की इस जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ बल्लेबाजों की आक्रामक शैली ने अहम भूमिका निभाई। आठ विकेट की शानदार जीत के साथ पटना अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Read More

सिटी ताइक्वांडो क्लब बना ओवरऑल चैंपियन, एडीफाई स्कूल रहा उपविजेता

पटना। पाटलिपुत्र परिषद, मंगल तालाब, पटना सिटी में आयोजित 4th पटना डिस्ट्रिक्ट इन्वीटेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता में सिटी ताइक्वांडो क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि एडीफाई स्कूल की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में पटना के विभिन्न स्कूलों और ताइक्वांडो प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं आयोजन सचिव जेपी मेहता ने की। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सिटी ताइक्वांडो क्लब, एडीफाई स्कूल, द मालिन्यायी स्कूल, स्काई ताइक्वांडो क्लब, अरीना ताइक्वांडो क्लब, माउंट लिटरा स्कूल, डायनेमिक ताइक्वांडो क्लब और अल्फा ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को समाजसेवी संजीव यादव, महेंद्र अरोड़ा, नरेश कुशवाहा और संजीव कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान आयोजन से जुड़े गणमान्य अतिथियों का स्वागत जेपी मेहता ने अंगवस्त्र भेंट कर किया।

प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका विक्रांत पंकज, अनामिका सोनू, ववली मिश्रा, कौशल कुमार, सुधांशु कुमार और शुभम कुमार ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पटना जिला ताइक्वांडो संघ के साथ सिटी ताइक्वांडो क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पटना ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव राजू ने सभी विजेता खिलाड़ियों तथा विजेता और उपविजेता टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Read More

बिहार सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज में विपल, सुधीर और विजय समेत 30 खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर

पटना। बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र के मुकाबले समाप्त होने के बाद 30 खिलाड़ी पूरे दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. इनमें पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार और विवेक शर्मा समेत कई वरीय खिलाड़ी शामिल हैं. प्रतियोगिता का आयोजन अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ की ओर से चंद्र विला फार्म हाउस में किया जा रहा है.

दूसरे चक्र में पहले बोर्ड पर सफेद मोहरों से खेलते हुए पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी ने पटना की अदीबा उल्लाह को 37 चालों में पराजित किया. विपल ने शुरुआत से ही सधी हुई चालें चलते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी. दबाव में अदीबा समय पर चाल चलने में चूकती रहीं और अंततः उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने वैशाली के अहमद सबा करीम को 59 चालों में हराया. सिसिलियन एलपीन ओपनिंग से शुरू हुए इस मुकाबले में किशन ने धीरे-धीरे अपनी स्थिति मजबूत की. 42वीं चाल में अहमद की वजीर लेने के बाद उन्होंने जीत की राह आसान कर ली. अहमद ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंततः उन्हें बाजी छोड़नी पड़ी.

तीसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने लंदन सिस्टम ओपनिंग खेलते हुए भागलपुर के आनंद शेखर को 55 चालों में शिकस्त दी. वहीं, पीयूष कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार, भूपनाथ और बी. रामचंद्र रूपेश समेत कई खिलाड़ियों ने भी अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए.

दूसरे चक्र के प्रमुख मुकाबले

दूसरे चक्र में विपल सुभाषी ने अदीबा उल्लाह को, किशन कुमार ने अहमद सबा करीम को और विवेक शर्मा ने आनंद शेखर को हराया. इसके अलावा पीयूष कुमार ने रित्तिक कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा ने जयसवाल जाविन, भूपनाथ ने प्रबल सिंह, विजय कुमार ने वीर विक्रम, बी. रामचंद्र रूपेश ने वैभव कुमार मिश्रा, मोहम्मद तब्शीर आलम ने सत्यम शर्मा और कुमार शुभम ने रंजन कुमार पॉल को पराजित किया.

दो चक्रों के बाद 30 खिलाड़ी दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि छह खिलाड़ी डेढ़ अंक लेकर अगले स्थान पर बने हुए हैं. प्रतियोगिता में आगे के मुकाबलों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और रोचक होने की उम्मीद है.

Read More

पटना प्रमंडल की अंडर-19 क्रिकेट टीम घोषित, अमित कुमार को मिली मुख्य कोच की जिम्मेदारी

पटना। आगामी राज्यस्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पटना प्रमंडल की टीम की घोषणा कर दी गयी है. प्रतियोगिता का आयोजन बेगूसराय में किया जाएगा. टीम में 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि अमित कुमार को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

टीम की कमान दिवाकर कुमार को दी गयी है. कुमार शान, अभिज्ञान आनंद, आदित्य सहाय, अमन कुमार, हरिओम चौबे, प्रिंस कुमार, विशाल कुमार (विकेटकीपर), अभिनव अकेला, नीरू कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार, शाश्वत राज, हिमांशु कुमार, ऋषभ, आर्यन कृष्णा और स्वश्रीत त्रिपाठी टीम के अन्य सदस्य हैं.

मुख्य कोच अमित कुमार ने कहा, “मुझे जो जिम्मेदारी दी गयी है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा. टीम के खिलाड़ियों को लगातार मोटिवेट करने के साथ उनके अंदर जीत का जज्बा पैदा करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास रहेगा. हमारा लक्ष्य खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाना और पटना प्रमंडल को प्रतियोगिता में बेहतर स्थिति में पहुंचाना है.”

प्रतियोगिता के लिए टीम प्रबंधन जल्द ही खिलाड़ियों की तैयारियों को अंतिम रूप देगा. पटना प्रमंडल की टीम से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.