KRIDA NEWS

सब जूनियर बालक-बालिका साफ्टबॉल चैंपियनशिप में सारण, वैशाली, भोजपूर और नालंदा की टीमें सेमीफाइनल में

सोनपुर के रमणा मैदान पर खेले जा रहे 21वीं सब जूनियर बालक-बालिका साफ्टबॉल चैंपियनशिप में सारण, वैशाली, भोजपूर और नालंदा की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। कल रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल का मुकाबला खेला जाएगा। इसकी जानकारी सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त सचिव रूपक कुमार ने दी।

आज खेले गए मुकाबले में नालंदा ने रोहतास को 8-4 से हराया। नालंदा के तरफ से करुणेश और विनीत ने 2-2 रन बनाए। जबकि दूसरे मुकाबले में वैशाली ने मुंगेर को 16-2 से करारी शिकस्त दी। सारण ने मुजफ्फरपुर को 7-4 से हराया। इस मैच में पटना की टीम ने वापसी करते हुए मुंगेर को 11-1 से परास्त किया। पटना के लिए अमन ने 3 और शुभम ने 3 रन बनाए।

वहीं भोजपूर और वैशाली का मैच ड्रा रहा। दोनों टीमों ने 11-11 से बराबरी पर रही। इसके अगले मुकाबले में नालंदा ने एक और जीत हासिल करके सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। नालंदा ने मुजफ्फरपुर को 13-0 से हराया। जबकि सारण ने रोहतास को 7-5 से और वैशाली ने पटना को 8-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

बालिका वर्ग में पटना ने भोजपुर को 7-3 से हराया। दूसरे मुकाबले में सीवान ने नालंदा को 8-5 से हराकर जीत हासिल की। वहीं पटना की बालिका टीम ने नालंदा को 12-1 से करारी शिकस्त दी। जबकि सारण ने भोजपूर को 10-0 से बुरी तरह हराया।

कल रविवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उसके बाद 3 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह किया जाएगा। जिसमें खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के हिसाब से सम्मानित किया जाएगा।

Read More

मैट्रिक-इंटर परीक्षाओं के चलते बिहार रुरल लीग स्थगित, होली के बाद होगा भव्य आगाज

पटना: बिहार में जारी मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को देखते हुए बिहार प्रीमियर लीग के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम के हवाले से मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने कहा कि बिहार रूरल लीग के मैच फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी खिलाड़ियों ने अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए टूर्नामेंट को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद आयोजकों ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

आयोजन समिति ने कहा कि खिलाड़ियों की भावनाएं और उनका भविष्य सर्वोपरि है। हजारों खिलाड़ियों द्वारा भेजे गए अनुरोधों का सम्मान करते हुए टूर्नामेंट की नई तिथि निर्धारित की गई है। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता है और वे हर परिस्थिति में खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं।

नई घोषणा के अनुसार, बिहार रुरल लीग अब होली के तुरंत बाद शुरू की जाएगी। इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिससे राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिल सके। आयोजकों ने विश्वास जताया है कि परीक्षाएं समाप्त होने के बाद खिलाड़ी पूरे जोश और ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेंगे, जिससे टूर्नामेंट और भी रोमांचक और सफल बनेगा।

Read More

नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग: क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की 5 विकेट से शानदार जीत

बिहारशरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित नालंदा जिला सीनियर ए डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब (नूरसराय) ने लिटिल स्टार क्लब (बिहारशरीफ) को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) का पुरस्कार क्रांतिकारी क्लब के ऑलराउंडर मोहित कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन (4 विकेट और 50 रन) के लिए दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटिल स्टार क्लब की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शशि रंजन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि विनीत ने 27, श्याम ने 15 और कृष ने 11 रनों का योगदान दिया। क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की ओर से मोहित ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि लकी ने 3 विकेट अपने नाम किए।

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की टीम ने 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में मोहित ने 50 रनों की अहम पारी खेली, लकी ने 30 रन और रोहित ने 21 रनों का योगदान दिया। लिटिल स्टार क्लब की ओर से समीर ने 4 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर सह संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, अंकित राज, विकास, मयूरेश्वर, विश्वजीत कुमार और अभिषेक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सीनियर अंपायर परवेज़ मुस्तफा पप्पू और मनीष कुमार ने निभाई।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीता अपना मुकाबला

पटना: अधिकारी एमएम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए मैचों में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीत हासिल की। ईआरसीसी की यह लगातार तीसरी जबकि आरबीएनवाईएसी की दूसरी जीत है। ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 जबकि आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रन से हराया।

पहला मैच
22 यार्ड क्रिकेट अकादमी एवं फिजिकल अकादमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीएनवाईएसी ने निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट पर 304 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 20.4 ओवर में मात्र 82 रन पर सिमट गई।

आरबीएनवाईएसी की ओर से बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रौनित ने 43 गेंदों पर 74 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हर्ष राज राज ने 69 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, जबकि कप्तान इंद्रजीत कुमार और श्लोक कुमार ने 48-48 रनों का योगदान देकर स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब

304 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम की ओर से बलजीत सिंह बिहारी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अंशुल राज ने 12 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज आरबीएनवाईएसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 82 रन पर ढेर हो गई।

आरबीएनवाईएसी की जीत के नायक शाहबाज अनवर रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में मात्र 21 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उन्हें शाश्वत जीत राज, मन्मोहन और उत्कर्ष धीरज कुमार का अच्छा साथ मिला, जबकि हर्ष राज राज ने भी दो विकेट लेकर जीत को और आसान बना दिया। मैन ऑफ द मैच शाहबाज अनवर रहे।

दूसरा मैच
जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड, फतेहपुर में खेले गए मुकाबले में ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। क्रिसेंट सीसी द्वारा दिए गए 174 रनों के लक्ष्य को ईआरसीसी ने मात्र 9.2 ओवर में हासिल कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी ने 40 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अभिनव सिन्हा ने शानदार 89 रनों की नाबाद पारी खेलकर पारी को संभाला, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 40 रनों का योगदान दिया। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। ईआरसीसी की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ राज ने 8 ओवर में मात्र 26 रन देकर 3 विकेट झटके और क्रिसेंट सीसी की रनगति पर अंकुश लगाया। रोहित राज राज ने 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईआरसीसी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। यश प्रताप यादव ने मात्र 18 गेंदों पर 52 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद रोहित राज राज ने 22 गेंदों पर नाबाद 60 रन और आशीष कुमार कुमार ने 16 गेंदों पर नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारियां खेलकर मैच को 9.2 ओवर में समाप्त कर दिया। टीम की रनगति 19 से अधिक रही, जो इस लीग के सबसे तेज़ सफल रन चेज़ में से एक माना जा रहा है। विजेता टीम के रोहित राज को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Read More

1 मार्च को ‘कुसुमराज खेल सम्मान समारोह’, खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

पटना। खेल और संस्कृति के संगम का गवाह बनने जा रहा है राजधानी का दानापुर इलाका। आगामी 1 मार्च को श्रीराम खेल मैदान, सुल्तानपुर मठ, दानापुर में कुसुमराज खेल सम्मान समारोह सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।

कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के एमडी डॉ. अमरेंद्र कुमार अमरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन देने का एक सशक्त प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवा खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल तकनीकी पदाधिकारी, खेल प्रमोटर, खेल पत्रकार के साथ-साथ शिक्षा, कला और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि होली के पावन अवसर को देखते हुए समारोह को होली मिलन के रंगों से भी सजाया जाएगा, ताकि यह आयोजन खेल सम्मान के साथ-साथ आपसी भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन सके। रंग, उत्साह और उपलब्धियों का यह संगम समारोह को और भी खास बना देगा।

फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के सहयोग से आयोजित समारोह का मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्था सिर्फ अपने विकास की बात नहीं करती, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाओं को मंच देना और उनका मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।”

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक होली मिलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उपस्थित लोगों को उत्सव का आनंद मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.