KRIDA NEWS

Deodhar Trophy में मयंक मारकंडे के चौके से नॉर्थ जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी

बीसीसीआई द्वारा आयोजित देवधर ट्रॉफी (Deodhar Trophy) में नॉर्थ जोन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नॉर्थ ईस्ट जोन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी है। नॉर्थ जोन के लिए मयंक मारकंडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 देकर 4 विकेट चटकाए और नॉर्थ ईस्ट जोन महज 101 रनों पर ही ऑल आउट कर दिया।

नॉर्थ जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को 32.1 ओवर में 101 रन पर आउट कर दिया और फिर उसके बाद केवल 12.5 ओवर में एक विकेट पर 102 रन बनाकर बड़ी जीत दर्ज की। नॉर्थ ईस्ट जोन की तरफ से कप्तान लैंग्लोन्याम्बा मीतान कीशांगबाम ही टिक कर खेल पाए। उन्होंने 69 गेंदों पर 36 रन बनाए। नॉर्थ जोन की तरफ से स्पिनर मयंक मारकंडे ने 14 रन देकर चार जबकि तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 21 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके अलावा तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा और ऋषि धवन तथा बाएं हाथ के स्पिनर निशांत सिंधू ने एक-एक विकेट लिया।

Stuart Broad ने 847 विकेट चटकाने के बाद क्रिकेट को कहा अलविदा, एशेज सीरीज में आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर और आखिरी विकेट लेकर जीत के साथ ली विदाई

नॉर्थ जोन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज शुभम खजुरिया (06) का विकेट तीसरे ओवर में ही गंवा दिया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और हिमांशु राणा ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। प्रभसिमरन ने 35 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 40 जबकि राणा ने 33 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल है।

नॉर्थ जोन की पांच मैचों में यह केवल दूसरी जीत है और वह चौथे स्थान पर है।नॉर्थ ईस्ट जोन ने अभी तक आपने सभी पांचों मैच गंवाए हैं।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीता अपना मुकाबला

पटना: अधिकारी एमएम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए मैचों में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीत हासिल की। ईआरसीसी की यह लगातार तीसरी जबकि आरबीएनवाईएसी की दूसरी जीत है। ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 जबकि आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रन से हराया।

पहला मैच
22 यार्ड क्रिकेट अकादमी एवं फिजिकल अकादमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीएनवाईएसी ने निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट पर 304 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 20.4 ओवर में मात्र 82 रन पर सिमट गई।

आरबीएनवाईएसी की ओर से बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रौनित ने 43 गेंदों पर 74 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हर्ष राज राज ने 69 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, जबकि कप्तान इंद्रजीत कुमार और श्लोक कुमार ने 48-48 रनों का योगदान देकर स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब

304 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम की ओर से बलजीत सिंह बिहारी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अंशुल राज ने 12 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज आरबीएनवाईएसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 82 रन पर ढेर हो गई।

आरबीएनवाईएसी की जीत के नायक शाहबाज अनवर रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में मात्र 21 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उन्हें शाश्वत जीत राज, मन्मोहन और उत्कर्ष धीरज कुमार का अच्छा साथ मिला, जबकि हर्ष राज राज ने भी दो विकेट लेकर जीत को और आसान बना दिया। मैन ऑफ द मैच शाहबाज अनवर रहे।

दूसरा मैच
जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड, फतेहपुर में खेले गए मुकाबले में ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। क्रिसेंट सीसी द्वारा दिए गए 174 रनों के लक्ष्य को ईआरसीसी ने मात्र 9.2 ओवर में हासिल कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी ने 40 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अभिनव सिन्हा ने शानदार 89 रनों की नाबाद पारी खेलकर पारी को संभाला, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 40 रनों का योगदान दिया। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। ईआरसीसी की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ राज ने 8 ओवर में मात्र 26 रन देकर 3 विकेट झटके और क्रिसेंट सीसी की रनगति पर अंकुश लगाया। रोहित राज राज ने 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईआरसीसी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। यश प्रताप यादव ने मात्र 18 गेंदों पर 52 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद रोहित राज राज ने 22 गेंदों पर नाबाद 60 रन और आशीष कुमार कुमार ने 16 गेंदों पर नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारियां खेलकर मैच को 9.2 ओवर में समाप्त कर दिया। टीम की रनगति 19 से अधिक रही, जो इस लीग के सबसे तेज़ सफल रन चेज़ में से एक माना जा रहा है। विजेता टीम के रोहित राज को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Read More

1 मार्च को ‘कुसुमराज खेल सम्मान समारोह’, खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

पटना। खेल और संस्कृति के संगम का गवाह बनने जा रहा है राजधानी का दानापुर इलाका। आगामी 1 मार्च को श्रीराम खेल मैदान, सुल्तानपुर मठ, दानापुर में कुसुमराज खेल सम्मान समारोह सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।

कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के एमडी डॉ. अमरेंद्र कुमार अमरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन देने का एक सशक्त प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवा खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल तकनीकी पदाधिकारी, खेल प्रमोटर, खेल पत्रकार के साथ-साथ शिक्षा, कला और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि होली के पावन अवसर को देखते हुए समारोह को होली मिलन के रंगों से भी सजाया जाएगा, ताकि यह आयोजन खेल सम्मान के साथ-साथ आपसी भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन सके। रंग, उत्साह और उपलब्धियों का यह संगम समारोह को और भी खास बना देगा।

फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के सहयोग से आयोजित समारोह का मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्था सिर्फ अपने विकास की बात नहीं करती, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाओं को मंच देना और उनका मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।”

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक होली मिलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उपस्थित लोगों को उत्सव का आनंद मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं।

Read More

दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का खिताब मध्य प्रदेश ने किया अपने नाम, 200 रन बनाकर भी हारा जम्मू-कश्मीर

पटना: पटना के ऊर्जा स्टेडियम में फ्लडलाइट की रोशनी में खेले गए दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने रोमांचक अंदाज में जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। दिव्यांग क्रिकेट के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रात में फ्लडलाइट में आयोजित किया गया। रोशनी से जगमगाते मैदान में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा। मध्य प्रदेश के लिए लकी कराड़िया और संजय कुमार साकेत ने 9वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए जम्मू-कश्मीर के हाथों से जीत छीन ली। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 200 रन बनाए, लेकिन मध्य प्रदेश ने 18 ओवर में 8 विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

विजेता टीम को मुख्य अतिथि बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम और तीसरे नंबर पर रही बिहार की टीम को बक्सर विधायक एवं पूर्व मंत्री संतोष निराला, राजेश कुमार (पुलिस महानिरीक्षक, नागरिक सुरक्षा), मनोज कुमार (उप महानिरीक्षक, होम गार्ड एवं अग्निशमन सेवा) तथा रंजीत शंकर प्रसाद (प्रभारी विधि प्रकोष्ठ, गृह विभाग, बिहार सरकार) ने सम्मानित किया। इस दौरान बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा एवं आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित अन्य सदस्य ने खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।

जम्मू-कश्मीर की दमदार शुरुआत

जम्मू-कश्मीर की शुरुआत बेहतरीन रही। राहुल शर्मा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आकिब मलिक ने 26 गेंदों पर 43 रन की तेज पारी खेली और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। मध्यक्रम में शाकूर बशीर ने 23 गेंदों पर 39 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। अंतिम ओवरों में तेज रन गति से टीम 200 के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही। मध्य प्रदेश की ओर से कप्तान माखन सिंह राजपूत ने 2 विकेट और अंकित सिंह बघेल ने 1 विकेट हासिल किया।

मध्य प्रदेश को लगे शुरुआती झटके

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं पा रही थी। 10.4 ओवर में 85 रन पर 8 विकेट गिर जाने के बाद जम्मू-कश्मीर की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। बबलू बेग ने 3 विकेट लेकर और तरसेम लाल ने 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। हालांकि इसके बाद संजय कुमार साकेत और लकी कराड़िया ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

9वें विकेट के लिए लकी और संजय के बीच शतकीय साझेदारी

संजय कुमार साकेत ने 25 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। वहीं लकी कराड़िया ने 20 गेंदों पर नाबाद 67 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दोनों के बीच 9वें विकेट के लिए 117 रन की अविजित साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह पलट दिया। मध्य प्रदेश ने 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए लकी कराड़िया को मैन ऑफ द मैच तथा अंकित सिंह बघेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।

Read More

नालंदा जिला सीनियर ए डिवीजन क्रिकेट लीग: गेटवे और लकी क्लब की जीत

बिहार शरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 12 फरवरी 2026 को नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग ए डिवीजन के अंतर्गत दो मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में गेटवे क्रिकेट क्लब और लकी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले मैच में गेटवे क्लब का मुकाबला हरनौत क्लब से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए गेटवे क्लब ने 10 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। टीम की ओर से आरव ने 47 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि सुभमकांत ने 34 रन, लव ने 30 रन, चंदू ने 26 रन और अर्णव ने 18 रन का योगदान दिया। हरनौत क्लब की ओर से शेष ने 3 विकेट और छोटू ने 2 विकेट हासिल किए।

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरनौत क्लब की टीम 24 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से शेष और नवाब ने 20-20 रन बनाए, जबकि छोटू और विवेक ने 14-14 रन का योगदान दिया। गेटवे क्लब की ओर से अर्णव किशोर ने 4 विकेट और आरव रॉय ने 5 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आरव रॉय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका विश्वजीत कुमार और अभिषेक ने निभाई।

दूसरे मुकाबले में लकी क्लब का सामना स्टार क्लब से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए लकी क्लब ने 4 विकेट के नुकसान पर 281 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गौतम बेबी ने शानदार शतक जमाते हुए 116 रन बनाए, जबकि राजीव ने 98 रन और सुमित ने 36 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। स्टार क्लब की ओर से सिद्धार्थ कुमार ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार क्लब की टीम 204 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सिद्धार्थ आनंद ने 67 रन, नीरज पासवान ने 50 रन, सिद्धार्थ कुमार ने 28 रन और हर्षित ने 14 रन बनाए। लकी क्लब की ओर से माया शंकर और शुभम ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार शतक के लिए गौतम बेबी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मैचों में निर्णायक की भूमिका परवेज मुस्तफा उर्फ पप्पू और सैयद जावेद इकबाल उर्फ महताब ने निभाई। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, विकास मयूरेश्वर सहित अन्य पदाधिकारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.