KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

IPL 2023 Opening Ceremony: ये फिल्मी सितारे आज ओपनिंग सेरेमनी में मचाएंगे धूम, ड्रोन शो से जगमग होगा नरेंद्र मोदी स्टेडियम; जानिए पूरी डिटेल

ipl opening ceremony

IPL 2023 Opening Ceremony: आईपीएल 2023 का आगाज आज 31 मार्च से होगा। इस बार का आगाज काफी भव्य तरीके से किया जा रहा है। पिछले कई साल के बाद बीसीसीआई ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन करने जा रही है। जिसकी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। 2018 के बाद पहली बार ओपनिंग सेरेमनी को आयोजन हो रहा है।

इस ओपनिंग सेरेमनी में फिल्मी सितारें अपना जलवा बिखरने को तैयार हैं। यह आईपीएल 10 टीमों के बीच लगभग दो महीनों तक खेला जाएगा। इस बार आईपीएल में कुल 70 लीग मैच खेले जाएंगे। उसके बाद प्लेऑफ के चार मैच खेले जाएंगे। आईपीएल का आयोजन पूरे भारत के 12 मैदानों पर होगा। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइंटस के बीच खेला जाएगा।

इस बार की ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड का तड़का लगने के साथ ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा। इस बार साउथ और बॉलीवुड की एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और तमन्ना भाटिया परफॉर्म करेंगी। इसके अलावा मशहूर सिंगर अरिजित सिंह भी अपने सुरों से लोगों को एंटरटेन करेंगे। कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी फैंस को देखने मिल सकते हैं। ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत शाम 6 बजे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो जाएगी। जो फैंस स्टेडियम नहीं जा पाए हैं वो टीवी पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं। सेरेमनी को आप टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और ऑनलाइन जियो सिनेमा पर लाइव स्ट्रीम होते हुए देख सकते हैं।

2018 के बाद पहली बार होगा आईपीएल ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन

साल 2018 में आखिरी बार आईपीएल के ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया था। इसके बाद 2019 में पुलवामा अटैक हो गया था और उस साल शहीदों के सम्मान में ओपनिंग सेरेमनी को रद्द कर दिया गया था। 2020, 2021 और 2022 में कोरोना के चलते बीसीसीआई ने ओपनिंग सेरेमनी नहीं करवाई। 2020 में आईपीएल यूएई में खेला गया। वहीं 2021 का दूसरा हाफ यूएई में करवाया गया। 2022 में आईपीएल का आयोजन भारत में ही हुआ। लेकिन ज्यादा वेन्यू पर मैचों को नहीं रखा गया था और ओपनिंग सेरेमनी भी नहीं करवाई गई थी।

Read More

बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता: ताब्शीर आलम बने बिहार शतरंज के नए बादशाह, किशन कुमार उपविजेता

मुजफ्फरपुर। अखिल बिहार शतरंज संघ एवं मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। नौ चक्रों तक चले इस टूर्नामेंट में पटना के मोहम्मद ताब्शीर आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। किशन कुमार 7.5 अंकों के साथ दूसरे और मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम नौवें चक्र में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा और पटना के ताब्शीर आलम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। इस परिणाम के साथ ताब्शीर ने 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने खगड़िया के शुभम कुमार को पराजित कर 7.5 अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

ताब्शीर को कड़ी टक्कर देने वाले प्रणीत सिन्हा ने 7 अंक जुटाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दरभंगा के भूपनाथ और पटना के रूपेश बी रामचन्द्र भी 7-7 अंकों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अमिताभ चंद्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव हिमांशु कुमार ने किया।

इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष अभिजीत कुमार, उपाध्यक्ष रविशंकर कुमार एवं राकेश कुमार त्रिवेदी, आभाष कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार एवं मनीष कुमार, सदस्य राघवेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार एवं विजय कुमार, मुख्य निर्णायक नंदकिशोर श्रीवास्तव, आलोक प्रियदर्शी, दामोदर कुमार, चन्द्र राज, प्रत्यूष कुमार, अंकित कुमार मिश्रा और अजय कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची

  1. मोहम्मद ताब्शीर आलम – 8 अंक (पटना)
  2. किशन कुमार – 7.5 अंक (बेगूसराय)
  3. प्रणीत सिन्हा – 7 अंक (मुजफ्फरपुर)
  4. भूपनाथ – 7 अंक (दरभंगा)
  5. रूपेश बी रामचन्द्र – 7 अंक (पटना)
  6. विजय कुमार – 7 अंक (पटना)
  7. विपल सुभाषी – 6.5 अंक (पटना)
  8. विवेक शर्मा – 6.5 अंक (पटना)
  9. सुधीर कुमार सिन्हा – 6.5 अंक (पटना)
  10. देवांश केशरी – 6.5 अंक (पटना)
Read More

मयंक और राहुल का कहर, ट्रैम्फैंट-सीएबी में खिताबी जंग गुरुवार को

पटना। सीएबी ग्राउंड पर सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।

पहले सेमीफाइनल में ट्रैम्फैंट ने करुणा किंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएबी ने फिनिक्स टीम बी को सात विकेट से हराया। अब गुरुवार को दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए भिड़ंत होगी।

15 रन पर सिमटी करुणा किंग्स

पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने करुणा किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ट्रैम्फैंट के गेंदबाजों के सामने करुणा के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 21 ओवर के मुकाबले में करुणा की पूरी टीम महज 11.4 ओवर में 15 रन पर सिमट गई। इसमें सात रन अतिरिक्त के रहे। ट्रैम्फैंट के कप्तान मयंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में चार मेडन के साथ महज चार रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं प्रियांशु यादव ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी ने महज 1.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 20 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

राहुल की गेंदबाजी से सीएबी की जीत

दूसरे सेमीफाइनल में फिनिक्स टीम बी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स की टीम 17 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अतिरिक्त 21 रन बने, जबकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सीएबी के राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में सीएबी ने 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

आर्यन ने नाबाद 17 और हर्षित राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में 17 रन भी टीम के खाते में जुड़े। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब गुरुवार को ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Read More

विपुल, विवेक और तफसीर की तिकड़ी शीर्ष पर, किशन की जीत का सिलसिला थमा

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के चंद्रविला विवाह भवन में चल रही बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छह चक्रों के बाद पटना के खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। छह चक्रों की समाप्ति के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम 5.5-5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रतियोगिता में नौ चक्र खेले जाने हैं और ऐसे में खिताब की दौड़ अब और रोमांचक हो गयी है।

मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के छठे चक्र में कई मुकाबलों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। सबसे खास बात यह रही कि पांच चक्रों तक लगातार जीत दर्ज कर शीर्ष पर चल रहे बेगूसराय के किशन कुमार को विपुल सुभाषी ने रोक दिया।

80 चालों तक चला मुकाबला, विपुल ने किशन का विजय अभियान रोका

पहले बोर्ड पर पटना के विपुल सुभाषी ने सफेद मोहरों से सिसिलियन डिफेंस ओपनिंग खेलते हुए बेगूसराय के किशन कुमार को 80 चालों तक चले बेहद लंबे मुकाबले में शिकस्त दी। किशन ने प्रतियोगिता के शुरुआती पांचों चक्र में लगातार जीत दर्ज की थी और वह अकेले शीर्ष पर चल रहे थे। विपुल के खिलाफ मिली हार के बाद उनका विजय अभियान थम गया।

दूसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए दरभंगा के भूपनाथ को 44 चालों में पराजित किया। इस जीत के साथ विवेक ने भी अपने खाते में महत्वपूर्ण अंक जोड़ा और शीर्ष स्थान पर अपनी दावेदारी मजबूत की।

तीसरे बोर्ड पर सबसे अहम मुकाबलों में से एक देखने को मिला। पटना के मोहम्मद तफसीर आलम ने काले मोहरों से खेलते हुए अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व राज्य चैंपियन सुधीर कुमार सिन्हा को 45 चालों तक चले मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के बाद तफसीर 5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गये।

प्रणीत ने ज्यादा रेटिंग वाले खिलाड़ी को ड्रॉ पर रोका

चौथे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। काले मोहरों से खेलते हुए प्रणीत ने अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले पटना के रुपेश बी. रामचंद्रन को 51 चालों तक चले मुकाबले में ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया। प्रणीत के खाते में अब पांच अंक हैं और वह शीर्ष 10 में पांचवें स्थान पर हैं।

अनरेटेड उज्ज्वल ने 1730 रेटिंग वाले खिलाड़ी को दी मात

छठे चक्र का सबसे बड़ा उलटफेर 12वें बोर्ड पर हुआ, जहां मुजफ्फरपुर के अनरेटेड और नवोदित खिलाड़ी उज्ज्वल सिंह ने बेगूसराय के 1730 रेटिंग वाले अर्थ भारद्वाज को हरा दिया। उज्ज्वल ने काले मोहरों से खेलते हुए 65 चालों तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में एक और बड़ा उलटफेर दर्ज कर दिया।

शीर्ष पर तीन खिलाड़ी, खिताब की दौड़ रोमांचक

छह चक्रों के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम के 5.5-5.5 अंक हैं। वहीं किशन कुमार, प्रणीत सिन्हा, विजय कुमार, दिवांस केसरी और शुभम कुमार पांच-पांच अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं। सुधीर कुमार सिन्हा और रुपेश बी. रामचंद्रन के 4.5-4.5 अंक हैं।

प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों के मुकाबले खेले जाएंगे। तीन चक्र अभी बाकी हैं और शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अंकों का अंतर बेहद कम है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में एक जीत या हार भी खिताब की तस्वीर बदल सकती है। अंतिम चक्र के बाद ही बिहार के सीनियर राज्य चैंपियन का फैसला होगा।

छठे चक्र के बाद शीर्ष-10

  1. विपुल सुभाषी, पटना — 5.5 अंक
  2. विवेक शर्मा, पटना — 5.5 अंक
  3. मोहम्मद तफसीर आलम, पटना — 5.5 अंक
  4. किशन कुमार, बेगूसराय — 5 अंक
  5. प्रणीत सिन्हा, मुजफ्फरपुर — 5 अंक
  6. विजय कुमार, पटना — 5 अंक
  7. दिवांस केसरी, पटना — 5 अंक
  8. शुभम कुमार, भागलपुर — 5 अंक
  9. सुधीर कुमार सिन्हा, पटना — 4.5 अंक
  10. रुपेश बी. रामचंद्रन, पटना — 4.5 अंक
Read More

अंडर-19 क्रिकेट : पटना ने मगध को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

पटना। अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में पटना अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मगध अंडर-19 को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की आक्रामक पारी ने पटना को एकतरफा जीत दिलाई।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन पर ऑलआउट हो गई। मगध की ओर से अंकुल कुमार ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि उत्सव अजय मोदी ने 16 रनों का योगदान दिया। पटना की ओर से शाश्वत जीत राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और मगध की पारी को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।

81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर पटना ने 81 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना के लिए दिवाकर कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। वहीं हरिओम चौधरी ने 24 गेंदों पर 30 रनों की उपयोगी पारी खेली।

पटना की इस जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ बल्लेबाजों की आक्रामक शैली ने अहम भूमिका निभाई। आठ विकेट की शानदार जीत के साथ पटना अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.