KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

मयंक अग्रवाल के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के इतिहास का सर्वाधिक रन का पीछा करने का रिकॉर्ड बनाया

राजस्थान रॉयल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के खिलाफ 224 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में सर्वाधिक रन का पीछा करने का रिकॉर्ड बनाया।

मयंक अग्रवाल ने शतक बनाया लेकिन KXIP के लिए यह जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त नहीं था क्योंकि राजस्थान रॉयल्स ने अंतिम ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। 224 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। जोस बटलर (4) ने पारी के तीसरे ओवर में ही अपना विकेट गवां दिया। इसके बाद स्टीव स्मिथ मैदान पर संजू सैमसन से जुड़ गए और दोनों ने शानदार खेल दिखाया। जैसे ही टीम एक विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी, दोनों बल्लेबाज एक आक्रामक मानसिकता के साथ खेले।आठ ओवर के बाद, राजस्थान रॉयल्स की टीम 92/1 था।  हालांकि, अगले ओवर में स्मिथ (50) ने जेम्स नीशम की गेंद पर मोहम्मद शमी को आसान कैच थमा दिया।

राहुल तेवतिया तब सैमसन से जुड़ने के लिए बल्लेबाजी करने उतरे, जिन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। सैमसन ने अपनी तेज-तर्रार पारी जारी रखी और टीम को 150 रन के पार पहुंचाया।  17 वें ओवर में शमी ने सैमसन का विकेट चटकाया, जिससे बल्लेबाज की 85 रनों की पारी का अंत हुआ।

सैमसन के आउट होने से रॉबिन उथप्पा मैदान पर आए। मैच में एक समय ऐसा आया जब राजस्थान रॉयल्स को अंतिम तीन ओवरों में जीत के लिए 51 रनों की आवश्यकता थी।  अगले ओवर में तेवतिया ने शेल्डन कॉटरेल जमकर धुनाई करते हुए उस ओवर में 5 छक्के लगाए और मैच को लगभग राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में डाल दिया।

राजस्थान रॉयल्स को तब 12 गेंदों पर 21 रनों की जरूरत थी। शमी ने 19 वां ओवर फेंका और उथप्पा को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। जोफ्रा आर्चर ने फिर मैदान संभाला और शमी की गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़े। आर्चर ने सिंगल लिया और फिर तेवतिया ने छक्का जड़कर राजस्थान रॉयल्स को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने तेवतिया को आउट किया। अगला ओवर मुरुगन अश्विन ने फेंका लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा जाने के बाद, किंग्स इलेवन पंजाब ने एक शानदार शुरुआत की। अग्रवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 183 रन बनाए। अग्रवाल और राहुल ने आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग पार्टनरशिप भी दर्ज किया। अग्रवाल ने 50 गेंदों पर 106 रनों की पारी खेली जिसमें सात छक्के और 10 चौके शामिल थे।  उन्हें 17 वें ओवर में टॉम कुरेन ने आउट किया।

अगले ओवर में राहुल भी 127.77 के स्ट्राइकर रेट से 69 रन बनाकर आउट हो गए।  उन्हें अंकित राजपूत ने आउट किया था। ग्लेन मैक्सवेल और निकोलस पूरन ने आखिरी ओवरों में कुछ अच्छे हाथ खेले और क्रमशः 13 * और 25 * रनों पर नाबाद रहे।

Read More

बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता: ताब्शीर आलम बने बिहार शतरंज के नए बादशाह, किशन कुमार उपविजेता

मुजफ्फरपुर। अखिल बिहार शतरंज संघ एवं मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। नौ चक्रों तक चले इस टूर्नामेंट में पटना के मोहम्मद ताब्शीर आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। किशन कुमार 7.5 अंकों के साथ दूसरे और मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम नौवें चक्र में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा और पटना के ताब्शीर आलम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। इस परिणाम के साथ ताब्शीर ने 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने खगड़िया के शुभम कुमार को पराजित कर 7.5 अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

ताब्शीर को कड़ी टक्कर देने वाले प्रणीत सिन्हा ने 7 अंक जुटाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दरभंगा के भूपनाथ और पटना के रूपेश बी रामचन्द्र भी 7-7 अंकों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अमिताभ चंद्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव हिमांशु कुमार ने किया।

इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष अभिजीत कुमार, उपाध्यक्ष रविशंकर कुमार एवं राकेश कुमार त्रिवेदी, आभाष कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार एवं मनीष कुमार, सदस्य राघवेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार एवं विजय कुमार, मुख्य निर्णायक नंदकिशोर श्रीवास्तव, आलोक प्रियदर्शी, दामोदर कुमार, चन्द्र राज, प्रत्यूष कुमार, अंकित कुमार मिश्रा और अजय कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची

  1. मोहम्मद ताब्शीर आलम – 8 अंक (पटना)
  2. किशन कुमार – 7.5 अंक (बेगूसराय)
  3. प्रणीत सिन्हा – 7 अंक (मुजफ्फरपुर)
  4. भूपनाथ – 7 अंक (दरभंगा)
  5. रूपेश बी रामचन्द्र – 7 अंक (पटना)
  6. विजय कुमार – 7 अंक (पटना)
  7. विपल सुभाषी – 6.5 अंक (पटना)
  8. विवेक शर्मा – 6.5 अंक (पटना)
  9. सुधीर कुमार सिन्हा – 6.5 अंक (पटना)
  10. देवांश केशरी – 6.5 अंक (पटना)
Read More

मयंक और राहुल का कहर, ट्रैम्फैंट-सीएबी में खिताबी जंग गुरुवार को

पटना। सीएबी ग्राउंड पर सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।

पहले सेमीफाइनल में ट्रैम्फैंट ने करुणा किंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएबी ने फिनिक्स टीम बी को सात विकेट से हराया। अब गुरुवार को दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए भिड़ंत होगी।

15 रन पर सिमटी करुणा किंग्स

पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने करुणा किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ट्रैम्फैंट के गेंदबाजों के सामने करुणा के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 21 ओवर के मुकाबले में करुणा की पूरी टीम महज 11.4 ओवर में 15 रन पर सिमट गई। इसमें सात रन अतिरिक्त के रहे। ट्रैम्फैंट के कप्तान मयंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में चार मेडन के साथ महज चार रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं प्रियांशु यादव ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी ने महज 1.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 20 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

राहुल की गेंदबाजी से सीएबी की जीत

दूसरे सेमीफाइनल में फिनिक्स टीम बी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स की टीम 17 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अतिरिक्त 21 रन बने, जबकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सीएबी के राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में सीएबी ने 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

आर्यन ने नाबाद 17 और हर्षित राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में 17 रन भी टीम के खाते में जुड़े। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब गुरुवार को ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Read More

विपुल, विवेक और तफसीर की तिकड़ी शीर्ष पर, किशन की जीत का सिलसिला थमा

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के चंद्रविला विवाह भवन में चल रही बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छह चक्रों के बाद पटना के खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। छह चक्रों की समाप्ति के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम 5.5-5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रतियोगिता में नौ चक्र खेले जाने हैं और ऐसे में खिताब की दौड़ अब और रोमांचक हो गयी है।

मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के छठे चक्र में कई मुकाबलों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। सबसे खास बात यह रही कि पांच चक्रों तक लगातार जीत दर्ज कर शीर्ष पर चल रहे बेगूसराय के किशन कुमार को विपुल सुभाषी ने रोक दिया।

80 चालों तक चला मुकाबला, विपुल ने किशन का विजय अभियान रोका

पहले बोर्ड पर पटना के विपुल सुभाषी ने सफेद मोहरों से सिसिलियन डिफेंस ओपनिंग खेलते हुए बेगूसराय के किशन कुमार को 80 चालों तक चले बेहद लंबे मुकाबले में शिकस्त दी। किशन ने प्रतियोगिता के शुरुआती पांचों चक्र में लगातार जीत दर्ज की थी और वह अकेले शीर्ष पर चल रहे थे। विपुल के खिलाफ मिली हार के बाद उनका विजय अभियान थम गया।

दूसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए दरभंगा के भूपनाथ को 44 चालों में पराजित किया। इस जीत के साथ विवेक ने भी अपने खाते में महत्वपूर्ण अंक जोड़ा और शीर्ष स्थान पर अपनी दावेदारी मजबूत की।

तीसरे बोर्ड पर सबसे अहम मुकाबलों में से एक देखने को मिला। पटना के मोहम्मद तफसीर आलम ने काले मोहरों से खेलते हुए अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व राज्य चैंपियन सुधीर कुमार सिन्हा को 45 चालों तक चले मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के बाद तफसीर 5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गये।

प्रणीत ने ज्यादा रेटिंग वाले खिलाड़ी को ड्रॉ पर रोका

चौथे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। काले मोहरों से खेलते हुए प्रणीत ने अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले पटना के रुपेश बी. रामचंद्रन को 51 चालों तक चले मुकाबले में ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया। प्रणीत के खाते में अब पांच अंक हैं और वह शीर्ष 10 में पांचवें स्थान पर हैं।

अनरेटेड उज्ज्वल ने 1730 रेटिंग वाले खिलाड़ी को दी मात

छठे चक्र का सबसे बड़ा उलटफेर 12वें बोर्ड पर हुआ, जहां मुजफ्फरपुर के अनरेटेड और नवोदित खिलाड़ी उज्ज्वल सिंह ने बेगूसराय के 1730 रेटिंग वाले अर्थ भारद्वाज को हरा दिया। उज्ज्वल ने काले मोहरों से खेलते हुए 65 चालों तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में एक और बड़ा उलटफेर दर्ज कर दिया।

शीर्ष पर तीन खिलाड़ी, खिताब की दौड़ रोमांचक

छह चक्रों के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम के 5.5-5.5 अंक हैं। वहीं किशन कुमार, प्रणीत सिन्हा, विजय कुमार, दिवांस केसरी और शुभम कुमार पांच-पांच अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं। सुधीर कुमार सिन्हा और रुपेश बी. रामचंद्रन के 4.5-4.5 अंक हैं।

प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों के मुकाबले खेले जाएंगे। तीन चक्र अभी बाकी हैं और शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अंकों का अंतर बेहद कम है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में एक जीत या हार भी खिताब की तस्वीर बदल सकती है। अंतिम चक्र के बाद ही बिहार के सीनियर राज्य चैंपियन का फैसला होगा।

छठे चक्र के बाद शीर्ष-10

  1. विपुल सुभाषी, पटना — 5.5 अंक
  2. विवेक शर्मा, पटना — 5.5 अंक
  3. मोहम्मद तफसीर आलम, पटना — 5.5 अंक
  4. किशन कुमार, बेगूसराय — 5 अंक
  5. प्रणीत सिन्हा, मुजफ्फरपुर — 5 अंक
  6. विजय कुमार, पटना — 5 अंक
  7. दिवांस केसरी, पटना — 5 अंक
  8. शुभम कुमार, भागलपुर — 5 अंक
  9. सुधीर कुमार सिन्हा, पटना — 4.5 अंक
  10. रुपेश बी. रामचंद्रन, पटना — 4.5 अंक
Read More

अंडर-19 क्रिकेट : पटना ने मगध को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

पटना। अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में पटना अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मगध अंडर-19 को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की आक्रामक पारी ने पटना को एकतरफा जीत दिलाई।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मगध की टीम 15.3 ओवर में महज 80 रन पर ऑलआउट हो गई। मगध की ओर से अंकुल कुमार ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि उत्सव अजय मोदी ने 16 रनों का योगदान दिया। पटना की ओर से शाश्वत जीत राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और मगध की पारी को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।

81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर पटना ने 81 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना के लिए दिवाकर कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। वहीं हरिओम चौधरी ने 24 गेंदों पर 30 रनों की उपयोगी पारी खेली।

पटना की इस जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ बल्लेबाजों की आक्रामक शैली ने अहम भूमिका निभाई। आठ विकेट की शानदार जीत के साथ पटना अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.