KRIDA NEWS

पटना जिला क्रिकेट संघ (PDCA) के चुनाव में 7 उम्मीदवार ही पाए गए वैध, 3 उम्मीदवारों का नामांकन हुआ रद्द; अब 6 पदों के लिए 7 उम्मीदवार ही दावेदार

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन सचिव गुट द्वारा कराए जा रहे पटना जिला क्रिकेट संघ (PDCA) के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3 उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी के हवाले से तदर्थ समिति के संयोजक प्रवीण कुमार प्राणवीर द्वारा भेजी गई खबर के अनुसार अब 6 पदों पर 7 उम्मीदवार ही वैध पाए गए हैं।

अध्यक्ष पद पर सुशील कुमार चौधरी, संयुक्त सचिव पद पर सुरेश मिश्रा एवं क्लब प्रतिनिधि के पद पर श्रीराम सिंह वैध नहीं पाए गए और उनका नामांकन रद्द कर दिया गया है।

वैध उम्मीदवारों में अध्यक्ष पद पर प्रवीण कुमार प्राणवीर, उपाध्यक्ष पद पर प्रेम बल्लभ सहाय, सचिव पद पर सुनील कुमार उर्फ सुनील रोहित, संयुक्त सचिव पद पर सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर दिलीप कुमार गुप्ता एवं सुनील पासवान, क्लब प्रतिनिधि पद पर अमित कुमार का नामांकन ही सही पाया गया है।

पटना जिला क्रिकेट संघ के चुनाव के लिए 5 जुलाई को उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। वहीं 6 जुलाई को उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी। चुनाव की तिथि 9 जुलाई 2023 सुबह 11 बजे से पटना के होटल लीलावती एक्जीविशन रोड में होगी।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: लो स्कोरिंग मैच में लक्ष्य इंजीटेक जीता, केएनसीसी को 19 रन से हराया

पटना। अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार यानी 6 फरवरी को खेले गए लो स्कोरिंग मुकाबले में कमला नेहरू क्रिकेट क्लब (केएनसीसी) पर लक्ष्य इंजीटेक क्लब की टीम भारी पड़ी और 19 रन की शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के सूरज ओझा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया।

स्थानीय अल्फा स्पोट्र्स एकेडमी के ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टॉस लक्ष्य इंजीटेक क्लब ने जीता और बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य इंजिटेक की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि कप्तान निशांत मोहन ने मोर्चा संभालते हुए तेज तर्रार अंदाज़ में बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 25 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था। उनकी इस पारी ने टीम को कुछ हद तक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मध्यक्रम में सत्यम संतोष कुमार ने धैर्य के साथ 37 गेंदों पर 25 रन जोड़े, जबकि निचले क्रम में महताब आलम ने नाबाद 23 रन बनाकर पारी को संभाला। लक्ष्य इंजिटेक की पूरी टीम 23 ओवर में 122 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। केएनसीसी की ओर से गेंदबाजी में शुभम सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और 7 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा प्रखर प्रखर ज्ञान ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान राहुल रत्न को भी 2 सफलता मिली।

123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएनसीसी की टीम ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन लक्ष्य इंजीटेक के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। अनमोल कुमार बोनी ने 23 रन और मंजीत कुमार ने 22 रनों की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, परंतु अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिल पाने से टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। सिमुख ने 19 रन बनाये।

लक्ष्य इंजीटेक की गेंदबाजी में सूरज ओझा ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने 7.5 ओवर में मात्र 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए और केएनसीसी की कमर तोड़ दी। वहीं मोहम्मद यासीन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गिरने से केएनसीसी की पूरी टीम 25.5 ओवर में 103 रन ही बना सकी। इस तरह लक्ष्य इंजिटेक ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और उसने लीग तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है।

संक्षिप्त स्कोर
लक्ष्य इंजीटेक: 122/10 (23 ओवर), निशांत मोहन 39,सत्यम कुमार 25, महताब आलम नाबाद 23, शुभम सिंह 5/27, राहुल रत्न 2/49, प्रखर ज्ञान 2/11, अक्षत मिश्रा 1/15,

केएनसीसी: 103/9 (25.5 ओवर), अनमोल कुमार बोनी 23, मंजीत कुमार 22, सिमुख 19, प्रखर ज्ञान 16, विक्की आनंद 10,सूरज ओझा 4/16, मोहम्मद यासीन 3/10, उत्तम कुमार 1/21, आदित्य कुमार 1/25

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी भिड़ंत दबंग व थंडरबोल्ट के बीच रविवार को

पटना: लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट को उसके दोनों फाइनलिस्ट मिल गए हैं। खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में दबंग ने चैंपियंस को 13 रन से हराकर जहां खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में थंडरबोल्ट ने लायंस को एक विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया। अब रविवार को श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में दबंग और थंडरबोल्ट के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

दबंग की जीत का सिलसिला बरकरार

पहले सेमीफाइनल में चैंपियंस ने टॉस जीतकर दबंग को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दबंग के बल्लेबाजों ने इस मौके को शानदार प्रदर्शन में बदला। आदर्श राज ने 66 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रूणित सिन्हा ने 34 और युगवीर यादव ने 22 रन का अहम योगदान दिया। दबंग ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरी चैंपियंस की टीम लक्ष्य के करीब तो पहुंची, लेकिन जीत से चूक गई। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। इस पारी में अतिरिक्त 51 रन चैंपियंस के स्कोर का बड़ा हिस्सा रहे। दबंग की ओर से हर्ष राज (4/26) और पियूष राज (2/20) ने शानदार गेंदबाजी की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आदर्श राज को दीपमाला गुप्ता और निशा सिन्हा ने संयुक्त रूप से मैच आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

संक्षिप्त स्कोर
दबंग:20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन, आदर्श राज 66, रूणित सिन्हा 34, युगवीर यादव 22, अतिरिक्त 20। गेंदबाजी: ध्रुव कुमार 1/13, दिव्यांशु 1/29, हरिओम 1/20
चैंपियंस: 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन, मुन्ना 22, ध्रुव 16, विनीत 15, अतिरिक्त 51। गेंदबाजी: हर्ष राज 4/26, पियूष राज 2/20, आदर्श राज 2/8

थंडरबोल्ट की सांस रोक देने वाली जीत

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल लायंस और थंडरबोल्ट के बीच खेला गया। टॉस जीतकर थंडरबोल्ट ने लायंस को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। लायंस की पूरी टीम 17.3 ओवर में मात्र 87 रन पर सिमट गई। थंडरबोल्ट की ओर से विश्वजीत, अभिनव राज, सुजल राज और हिमांशु ने सटीक गेंदबाजी करते हुए लायंस की कमर तोड़ दी। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए थंडरबोल्ट की पारी भी आसान नहीं रही। लगातार विकेट गिरने के बावजूद टीम ने 16 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोमांचक जीत में विश्वजीत के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 17.3 ओवर में 87 रन पर ऑलआउट, सचिन 22, आर्यन अरविंद सिंह 10, मयंक 10, अतिरिक्त 15। गेंदबाजी: विश्वजीत 2/20, अभिनव राज 2/27, सुजल राज 2/21, हिमांशु 2/9
थंडरबोल्ट: 16 ओवर में 88/9. आयुष 16, श्रेयांश शर्मा 12, नवीन नाबाद 12, अतिरिक्त 25। गेंदबाजी: शिबू भूषण 4/9, सचिन 2/16, मयंक 1/17

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.