KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

स्वदेश लौटने पर ओलंपिक पदक विजेताओं का भव्य स्वागत, खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने किया सम्मानित

नई दिल्ली:- आज की शाम, राष्ट्रीय राजधानी की किसी अन्य शाम की तरह नहीं थी, क्योंकि आज हमारे ओलंपिक के सितारे टोक्यो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद स्वदेश वापस आये थे।

केंद्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने आज अशोका होटल, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सात पदक विजेताओं – नीरज चोपड़ा, रवि कुमार दहिया, मीराबाई चानू, पीवी सिंधु, बजरंग पुनिया, लवलीना बोरगोहेन और पुरुषों की राष्ट्रीय हॉकी टीम को सम्मानित किया। 

इस अवसर पर पदक विजेताओं को सम्मानित करने वालों में शामिल थे- केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री श्री किरेन रिजिजू; युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक; खेल-सचिव श्री रवि मित्तल और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री संदीप प्रधान।

स्वर्ण पदक विजेता नीरज; रजत पदक विजेता रवि; कांस्य पदक विजेता बजरंग, लवलीना और मनप्रीत कल रात टोक्यो, 2020 के समापन समारोह में शामिल होकर आज भारत लौटे। भव्य अभिनंदन के दौरान अन्य पदक विजेता मीराबाई और सिंधु भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

केन्द्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “टोक्यो ओलंपिक, 2020 में भारत के लिए कई चीज़ें पहली बार हुईं हैं। ओलम्पिक में टीम इंडिया की सफलता इस बात का प्रतिबिंब है कि कैसे न्यू इंडिया दुनिया में- यहां तक कि खेल में भी एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरने की इच्छा और आकांक्षा रखता है। ओलंपिक खेलों ने हमें दिखाया है कि आत्म-अनुशासन और समर्पण से हम चैंपियन बन सकते हैं।

टीम इंडिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और हमें प्रेरित किया,  जबकि देशवासियों ने खुशी मनाई और उत्सव मनाया। वास्तव में खेलों में लोगों को एक सूत्र में बांधने की शक्ति होती है, क्योंकि हमारे एथलीट गांवों और शहरों, देश के उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम भाग से आते हैं। उनकी यात्रा सहनीयता और खेल उत्कृष्टता की एक अविश्वसनीय कहानी है।”                 

खेल मंत्री ने आगे कहा कि इस बार के ओलंपिक खेलों में कई चीजें पहली बार हुई हैं, जैसे 128 सदस्यीय भारतीय दल, 7 ओलंपिक पदक, एथलेटिक्स स्पर्धा में हमारा पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक, पीवी सिंधु का दो ओलंपिक खेलों में लगातार दो पदक जीतना, 41 साल के अंतराल के बाद हॉकी में भारतीय पुरुष टीम द्वारा एक पदक (कांस्य) जीतना और महिला हॉकी टीम का सेमीफाइनल में ऐतिहासिक प्रवेश ।  

हमारे पास ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली महिला नाविक नेत्रा कुमानन भी थीं, ओलंपिक में जगह बनाने वाली भारत की पहली भारतीय तलवारबाज़- भवानी देवी, घुड़सवारी स्पर्धा में एक भारतीय फ़वाद मिर्ज़ा द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया गया, नौकायन से जुड़े भारतीय खिलाड़ियों द्वारा अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, अदिति अशोक द्वारा गोल्फ में किसी भारतीय द्वारा सर्वोच्च स्थान हासिल करना और अविनाश साबले द्वारा पैदल चालन स्पर्धा में एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया गया था। 

मैं यहां यह भी जोड़ना चाहूंगा कि भारत में खेलों की नींव मज़बूत है; प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं जैसे लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) और खेलो इंडिया अभियान ने पोडियम फिनिश सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम दिखाए हैं। खेल मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि हम अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना जारी रखेंगे और हम भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने का मज़बूती से प्रयास करेंगे।

श्री किरेन रिजिजू ने सभी एथलीटों के प्रदर्शन की प्रशंसा की और इस बात को दोहराया कि 2028 के ओलंपिक तक भारत खेल के क्षेत्र में एक ताकत बन जाएगा। श्री रिजिजू ने कहा, “आज अपने चैंपियन एथलीटों के साथ इस स्थान पर खड़े होकर मैं कितना रोमांचित हूं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह एक ऐतिहासिक घटना है जिसमें भारत ने ओलंपिक में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। हमारे पास गर्व करने के लिए बहुत कुछ है। 

हमारे पास 41 साल बाद हॉकी में पदक और एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक है। सिर्फ हमारे पदक विजेता ही नहीं, बल्कि प्रत्येक एथलीट ने टोक्यो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। मैं उन सभी को बधाई देता हूं। यह सिर्फ शुरुआत है क्योंकि खेल के क्षेत्र में भारत का पुनरुत्थान अब दिखाई देने लगा है और मुझे विश्वास है कि 2028 के ओलंपिक तक भारत एक ताकत बन जाएगा।”

श्री निसिथ प्रमाणिक ने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि आपने भारत को गौरवान्वित किया है। सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए, श्री प्रमाणिक ने कहा कि भारतीय दल ने टोक्यो ओलंपिक में 7 पदक जीते हैं, जोकि भारत द्वारा अब तक के किसी भी ओलंपिक में जीते गए पदकों में सबसे अधिक है। यह एक ऐतिहासिक और यादगार कार्यक्रम है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रतिस्पर्धी खेलों को अपनाने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेगा।   

भारत ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कई ‘नयी’उपलब्धियां हासिल कीं, जिनकी शुरुआत नीरज चोपड़ा से हुई। नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में 87.58 मीटर की दूरी पर भाला फेंकने के साथ एथलेटिक्स में भारत के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। यह न केवल ओलंपिक में एथलेटिक्स में स्वतंत्र भारत का पहला स्वर्ण है, बल्कि एथलेटिक्स में किसी भारतीय द्वारा जीता गया अब तक का एकमात्र पदक भी है।

बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी बनीं। उन्होंने रियो ओलंपिक 2016 में रजत पदक जीता था और टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक अपने नाम किया। मीराबाई चानू, कर्णम मल्लेश्वरी के बाद देश की दूसरी भारोत्तोलन पदक विजेता और रजत पदक जीतने वाली पहली भारोत्तोलक बनीं।

इस बीच, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मॉस्को ओलंपिक 1980 में अपने स्वर्ण पदक के बाद ओलंपिक में हॉकी में अपना पहला पदक जीता, जबकि भारत की महिला हॉकी टीम ने भी पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टोक्यो ओलंपिक में भारत के रिकॉर्ड 128 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और इस बार भारत ने किसी भी ओलंपिक से ज्यादा पदक जीते। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य के साथ रिकॉर्ड सात पदक जीते। 

रवि कुमार दहिया ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले देश के दूसरे पहलवान बने, जबकि लवलीना बोरगोहेन महान मुक्केबाज मैरी कॉम के बाद मुक्केबाजी में दूसरी महिला ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और ओलंपिक पदक जीतने वाली अब तक की तीसरी भारतीय मुक्केबाज बन गईं। इस बार के ओलंपिक खेलों में भारत की नयी उपलब्धियां भवानी देवी, नेत्रा कुमानन और अदिति अशोक से भी संबंधित थीं। जहां भवानी ओलंपिक खेलों में तलवारबाजी शामिल किए जाने के बाद से, ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा करने वाली भारत की एकमात्र तलवारबाज बनीं, नेत्रा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली महिला नाविक बनीं। इस बीच, अदिति अशोक, गोल्फ में चौथे स्थान पर रहीं और ओलंपिक में इस खेल स्पर्धा में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली भारतीय बनीं।

Read More

सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने किया कमेटी का विस्तार, नितिन कुमार बने उपाध्यक्ष

पटना। सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने संगठन को मजबूत बनाने और राज्य में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विकास को गति देने के उद्देश्य से अपनी प्रदेश कमेटी का विस्तार किया है। इस क्रम में नितिन कुमार को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 30 जुलाई से हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश कमेटी, जिला इकाइयों एवं आयोजन समिति के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नितिन कुमार के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और बिहार में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विस्तार को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

नवनियुक्त उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने नियुक्ति पर एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के सभी जिलों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के सहयोग से इस खेल को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी। इस आयोजन को लेकर एसोसिएशन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

 

Read More

रेयर विंडो कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का भव्य समापन, केटीसीए दीघा बनी चैंपियन

पटना, 19 जुलाई 2026: रेयर विंडो रेस्टोरेंट, बोरिंग रोड, पटना के बैंक्वेट हॉल में आयोजित रेयर विंडो कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। टूर्नामेंट का आयोजन खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी (KTCA), दीघा द्वारा किया गया।

फाइनल मुकाबले में मिथिला क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केटीसीए दीघा ने निर्धारित 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 101 रन बनाए। टीम की ओर से प्रवीण कुमार सिंह ने शानदार 61 रन बनाए, जबकि अमन ने 23 रनों का योगदान दिया। मिथिला क्रिकेट अकादमी की ओर से अंकित ठाकुर ने 3 विकेट, पार्थ कुमार ने 2 विकेट और सचिन ने 1 विकेट हासिल किया।

102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिथिला क्रिकेट अकादमी की टीम निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 50 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मणिकर्णिका ने 21 और सौरव प्रसाद ने 13 रन बनाए। केटीसीए दीघा की ओर से अमन केसरी ने 3 विकेट, जैक बट्टू ने 2 विकेट और प्रवीण कुमार सिंह ने 2 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर केटीसीए दीघा ने 51 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रवीण कुमार सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की गवर्निंग काउंसिल के संयोजक ज्ञानेश्वर गौतम थे। उनके साथ राहुल पाठक एवं रेयर विंडो के एमडी निहाल राज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर टूर्नामेंट के संयोजक मुकेश कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान क्रिकेट और आयोजन में विशेष योगदान देने वाले कमल कुमार, जितेंद्र जी, छोटू और अजय कुमार को सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के अंपायर कुंदन और हिमांशु, स्कोरिंग एवं तकनीकी सहयोग के लिए राकेश कुमार और पंकज कुमार, लाइव स्ट्रीमिंग पार्टनर तथा प्रेस प्रतिनिधि सुरेश मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। महिला क्रिकेट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर्षिका और श्रेया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

प्रमुख पुरस्कार

  • मैन ऑफ द सीरीज: प्रवीण कुमार सिंह (केटीसीए दीघा)
  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज (Best Batsman): प्रवीण कुमार सिंह (केटीसीए दीघा)
  • सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज (Best Bowler): अंकित (कमल 11, बेगूसराय)
  • गेम चेंजर अवॉर्ड: अमन केसरी (केटीसीए दीघा)
  • सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक (Best Fielder): पार्थ कुमार
  • प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: शैलेश, कान्हा एवं ओम

विजेता टीम केटीसीए दीघा को ₹15,000 तथा उपविजेता मिथिला क्रिकेट अकादमी को ₹7,500 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को सनहिट स्पोर्ट्स ने किट बैग भी दिए गए।

आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने रेयर विंडो, महाकाल ज्वेलर्स, लक्षिका इंडस्ट्रीज तथा गैस्ट्रो एंड इंडोस्कोपी सेंटर को विशेष धन्यवाद दिया। टूर्नामेंट के मीडिया पार्टनर ‘क्रीड़ा न्यूज’ की भी आयोजन को व्यापक पहुंच दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए समिति ने विशेष आभार व्यक्त किया।

समारोह के अंत में आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, अतिथियों, अंपायरों, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगियों, प्रायोजकों और दर्शकों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में टूर्नामेंट को और अधिक भव्य स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया।

Read More

देव और विवेक के दम पर स्काई स्पोर्ट्स व सीएबी पहुंची सेमीफाइनल में

पटना। सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में आयोजित प्लानेट इंटीरियर एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड प्रायोजित 8वें बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप अंडर-13 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में स्काई स्पोर्ट्स और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले क्वार्टरफाइनल में स्काई स्पोर्ट्स ने श्रीराम खेल मैदान को 93 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्काई स्पोर्ट्स ने 21 ओवर में दो विकेट पर 153 रन बनाए। टीम की ओर से देव ने 59 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 74 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। आयुष बसौटिया ने नाबाद 25 और सार्थक ने नाबाद 15 रन का योगदान दिया। जवाब में श्रीराम खेल मैदान की टीम 15.4 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। स्काई की ओर से मानव ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

दूसरे क्वार्टरफाइनल में क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने ट्रायम्फैंट सीसी को 18 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएबी ने 21 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। विवेक कुमार ने 53 गेंदों पर चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 88 रन की विस्फोटक पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। शिवम सम्राट ने 22 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रायम्फैंट सीसी की टीम 21 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिजीत राज ने 29 और अर्पित राज ने 20 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सीएबी की ओर से राहुल और रेयान झा ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।

संक्षिप्त स्कोर

स्काई स्पोर्ट्स: 21 ओवर में 153/2 (देव 74, आयुष बसौटिया नाबाद 25, सार्थक नाबाद 15, अतिरिक्त 29; अंकुश 1/11, पृथ्वी 1/32)।

श्रीराम खेल मैदान: 15.4 ओवर में 60 ऑलआउट (अतिरिक्त 40; मानव 4/8, बंकू 1/8, अनिल 1/3, मिसाब 1/1, अंश 1/1, सार्थक 1/1)।

क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार: 21 ओवर में 149/6 (विवेक कुमार नाबाद 88, शिवम सम्राट 22, आदर्श आनंद 15, अतिरिक्त 14; मयंक 2/21, प्रियाशु यादव 2/25, समर 1/52, आदर्श 1/14)।

ट्रायम्फैंट सीसी: 21 ओवर में 131 ऑलआउट (अभिजीत राज 29, अर्पित राज 20, आदित्य राज 20, प्रियांशु यादव 15, दक्ष पांडे 11, समर नाबाद 12, अतिरिक्त 11; राहुल 3/30, रेयान झा 3/15, शुभम 2/19, आर्यन 1/32)।

Read More

रूपक कुमार बने लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व दिल्ली प्रदेश प्रभारी

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में अहम फैसला लेते हुए राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं इंटरनेशनल बेसबॉल खिलाड़ी रूपक कुमार को राष्ट्रीय महासचिव एवं दिल्ली प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप शंकर शर्मा (लंकेश) ने की।

पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रूपक कुमार ने संगठन में अपनी सक्रिय कार्यशैली, अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से अलग पहचान बनाई है। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा दिल्ली प्रदेश में पार्टी के विस्तार को गति मिलेगी।

नई जिम्मेदारी मिलने पर रूपक कुमार ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

 

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.