KRIDA NEWS

ज्ञान सरिता पब्लिक स्कूल, शिशोडीह, दरभंगा द्वारा आयोजित वार्षिक प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह आयोजित

शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। इससे लोगों में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान तथा कार्यक्षमता बढ़ती है। शिक्षित होकर कोई भी व्यक्ति अपने जीवन में बहुत कुछ हासिल कर सकता है। यह व्यक्ति में छुपी हुई प्रतिभा तथा कुशलता को जगाती है। शिक्षा से ही हमारे चरित्र का निर्माण तथा व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास संभव है। यह व्यक्ति को अपने कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करती है। 

उक्त बातें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के स्नातकोत्तर संस्कृत विभाग के प्राध्यापक डा आर एन चौरसिया ने शीशोडीह में ज्ञान सरिता पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित वार्षिक प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण सह सम्मान- समारोह का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए कही।

डा चौरसिया ने कहा कि बेहतरीन शिक्षा हर सफलता की एकमात्र कुंजी तथा विकास व खुशहाली का मूल आधार है। शिक्षा समाज में निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जो मानव को सभ्य, योग्य एवं संवेदनशील बनाती है। जन-जन को शिक्षित बनाकर ही खुशहाल समाज तथा विकसित राष्ट्र के सपनों को साकार किया जा सकता है।

मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख, सदर प्रखंड, दरभंगा शंभू कुमार साहू ने कहा कि प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों की प्रतिभाओं में निखार आता है। संस्कार घर तथा विद्यालय से ही प्राप्त होता है। खेलना बच्चों के लिए बहुत जरूरी है। ज्ञान सरिता पब्लिक स्कूल निम्न मध्यमवर्गीय परिवार के लिए भी सुलभ है। मुख्य वक्ता के रूप में शिशो पश्चिम के सरपंच मतलूब आलम खान ने कहा कि इस विद्यालय से बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है। वार्षिक प्रतियोगिता से वर्ष भर की तैयारी का पता चलता है। मंच पर आने से बच्चे खुश होकर तरक्की की ओर बढ़ते हैं। आज प्रतियोगिता के समय में माता- पिता को भी बच्चों के लिए समय देना जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में प्लस टू उच्च विद्यालय, कोयलास्थान, दरभंगा की विज्ञान- शिक्षिका डा अंजू कुमारी ने कहा कि शिक्षा से ही बच्चों का संपूर्ण विकास होता है और वे भविष्य के अच्छे नागरिक बन सकते हैं। यद्यपि आज शिक्षा बच्चों का मौलिक अधिकार है, पर आज भी बहुत से बच्चे इस अधिकार से वंचित हैं, जिनपर हम सब को ध्यान देने की जरूरत है। शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चों के सपनों को पंख लग सकते हैं। डा अंजू ने प्रसन्नता व्यक्त की कि विद्यालय के सभी शिक्षक तत्पर एवं संवेदनशील हैं। वहीं बच्चे भी मेहनती और प्रसन्नचित्त हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय के प्राचार्य अमरनाथ साह ने कहा कि शिक्षा से हमारे जीवन में ज्ञान का प्रसार होता है और बुद्धि का विकास भी। यह हमें जीवन के कठिन समय में भी चुनौतियों से सामना करने में सहायता करती है। रोजी- रोजगार के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा रूपी धन बांटने से लगातार बढ़ता ही है। विद्यालय परिवार निरंतर शिक्षा दान में तत्पर रहेगा। उन्होंने समारोह में शामिल अतिथियों, अभिभावकों एवं बच्चों को साधुवाद देते हुए विद्यालय के विकास में सहयोग की अपील की।

सम्मानित अतिथि के रूप में शीशो पूर्वी के मुखिया बजरंगबली दास ने कहा कि इस विद्यालय से गांव में अच्छा वातावरण बना है। मुझे खुशी हो रही है कि बच्चे प्रतियोगिताओं एवं खेलकूद में भी अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने खेलकूद को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर बताते हुए माता- पिता से भी अपने बच्चों के लिए समय देने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में शिशो पश्चिमी के मुखिया अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई एवं खेलकूद प्रतियोगिता में भी विद्यालय के बच्चे निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। यहां के शिक्षक मेहनती एवं विद्यार्थी प्रतिभावान हैं। हमलोग भी विद्यालय को पूरा सहयोग करेंगे।

विशिष्ट वक्ता के रूप में शिशो पूर्वी के सरपंच रामबाबू दास ने कहा कि विद्यालय द्वारा बच्चों का सम्मान करना सराहनीय है। गांव में भी इस विद्यालय के द्वारा कम खर्च में अच्छी शिक्षा दी जा रही है, जिसका लाभ आसपास के बच्चों को मिल रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पवन कुमार निराला ने कहा कि बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, जिनमें शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा उत्तम संस्कार भरते हैं। शिक्षा पाकर ही बच्चे जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं।

इस अवसर पर डा आर एन चौरसिया, शंभू कुमार साहू तथा डा अंजू कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में अतुल्य योगदान के लिए फूल- माला, पाग- चादर एवं मोमेंटो आदि से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय द्वारा आयोजित 40 वार्षिक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 121 बच्चों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया।

समारोह का प्रारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।हर्षित राज के कुशल संचालन में आयोजित समारोह में अतिथियों का स्वागत फूल- माला से किया गया। स्वागतगान विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया।विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा अंशु कुमारी ने अतिथि स्वागत किया, जबकि शिक्षिका राखी झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Read More

नायाब स्पोर्ट्स की तीसरी वर्षगांठ पर महिला प्रदर्शनी क्रिकेट मैच, रॉयल पैंथर्स की शानदार जीत

पटना: नायाब स्पोर्ट्स की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर पटना में महिला क्रिकेट का एकदिवसीय प्रदर्शनी मैच आयोजित किया गया। इस मुकाबले में रॉयल पैंथर्स और डायमंड इलेवन की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें रॉयल पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल पैंथर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 140 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से निरजला राउत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा नेहा चौधरी ने 36 रन और साक्षी सिंह ने 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। डायमंड इलेवन की ओर से गेंदबाजी में सलोनी ने 1 विकेट हासिल किया।

141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डायमंड इलेवन की टीम रॉयल पैंथर्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 63 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सलोनी ने 23 रन और रंजना ने 16 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। रॉयल पैंथर्स की ओर से गेंदबाजी में रीवा चौधरी, सिद्धि और अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए और टीम को आसान जीत दिलाई।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए निरजला राउत को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया। वहीं सिद्धि कुमारी को बेस्ट बॉलर, कुमारी रंजना को बेस्ट फील्डर, रीवा चौधरी को इमर्जिंग प्लेयर और रूपम को सबसे अनुशासित खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका बिट्टू चौधरी और मुशर्रफ अली ने निभाई। इस अवसर पर नायाब स्पोर्ट्स के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे और तीसरी वर्षगांठ के समारोह को उत्साह के साथ मनाया।

Read More

शिवाय यादव के अर्धशतक से किरण क्रिकेट एकेडमी-1 की 4 विकेट से जीत, KCA ब्लू को मिली हार

जहानाबाद। जहानाबाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (एयरोड्रम स्टेडियम) में खेले गए मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी-1 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किरण क्रिकेट एकेडमी टीम ब्लू को 4 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच में शिवाय यादव की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केसीए टीम ब्लू की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान आर्यन निधि ने 29 गेंदों पर 33 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, जबकि स्मिता ने 46 गेंदों पर 26 रन की जुझारू नाबाद पारी खेली। इसके अलावा उमर आलम ने 12 और रवि ने 11 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त रनों की मदद से टीम 30.1 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

केसीए-1 की ओर से गेंदबाजी में एम.एस. कौशिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में केवल 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जय प्रकाश ने 7 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि पवन ने 6 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा शिवाय यादव ने भी 2 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए-1 की टीम को शिवाय यादव ने मजबूत आधार दिया। उन्होंने 63 गेंदों पर 55 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। इसके अलावा अभि राज ने 12 गेंदों पर 19 रन की तेज पारी खेली, जबकि एम.एस. कौशिक ने 13 रन का योगदान दिया। टीम ने 28.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 163 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

केसीए टीम ब्लू की ओर से गेंदबाजी में आर्यन निधि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं उत्कर्ष राज यादव ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि उमर आलम को 1 विकेट मिला, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी का आगाज, नवादा ने शेखपुरा को 124 रन से हराया

नालंदा: आज दिनांक 15 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में बिहार क्रिकेट संघ के घरेलु सत्र 2025-26 बीसीए मेंस अंडर 23 वनडे ट्रॉफी मगध जोन की शुरुआत की गयी, नवादा बनाम शेखपुरा के बीच मैच से इसकी शुरुआत पावापुरी खेल मैदान मे किया गया।

नवादा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाये। जिसमें दीपक ने 104 रन, योगेश ने 100 रन , हर्ष 52 रन, सुभास ने 21 रन तथा आदर्श ने 16 रन का योगदान दिया। शेखपुरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए कन्हैया ने 52 रन पे 2 विकेट, राहुल ने 107 पर 2 और रिकी, गगन तथा सूरज ने एक एक विकेट अपने नाम किया।

जवाब मे खेलते हुए शेखपुरा की पूरी टीम 50 ओवर 227 में रन बना सकी। शेखपुरा की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सुमन सौरभ ने 62 रन, सचिन ने 89 रन, आदित्य ने 37 संजीव 40 रन, रोहित ने 13 रन तथा सूरज ने 17 रन का योगदान दिया। नवादा की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए आदर्श ने 34 रन देकर 4 विकेट लिए। सुमन ने 25 रन देकर 2 विकेट, दीपक ने 18 रन देकर 2 विकेट तथा अभिनव एक विकेट अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच नवादा के दीपक कुमार को दिया गया।

इस मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, शेखपुरा के पूर्व सचिव गंगा यादव, नवादा सचिव मनीष आनंद, डॉ संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार, बाबा विश्वजीत कुमार, अभिषेक कुमार इत्यादि मौजूद रहे। अंपायरिंग की भूमिका बीसीए पैनल अम्पायर सुनील सिंह तथा नितेश कुमार ने निभाया। कल दिनांक 16-03-2026 को नालंदा बनाम नवादा के बीच मैच खेला जायेगा।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 ट्रॉफी के लिए नालंदा की 20 सदस्यीय टीम घोषित, आदित्य राज को सौंपी गई कमान

बिहारशरीफ: बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 ट्रॉफी के लिए नालंदा जिला क्रिकेट संघ ने अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान आदित्य राज को सौंपी गई है, जबकि दिव्यांश राज को उपकप्तान बनाया गया है।

टीम में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनसे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कुश कुमार और नीरज पासवान को सौंपी गई है। टीम के कोच के रूप में दीपक प्रसाद खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।

नालंदा अंडर-23 टीम इस प्रकार है:
आदित्य राज (कप्तान), दिव्यांश राज (उपकप्तान), लव कुमार, कुश कुमार (विकेटकीपर), नीरज पासवान (विकेटकीपर), गौतम कुमार, ए.एस. गौरव, आदर्श राज, हर्षित राज, अनीश गुप्ता, गौरव कुमार, रामवर्धन पांडेय, राजीव रंजन, आरव रॉय, अयान अरमान, शशि कुमार, राकेश कुमार, नीरज यादव, कुमार नीरज और लक्ष प्रकाश। स्टैंडबाई खिलाड़ी: हर्ष राज, अमित कुमार, आदित्य राज जूनियर और विनीत उर्फ बंटी।

नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि टीम के खिलाड़ी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.