मुजफ्फरपुर। अखिल बिहार शतरंज संघ एवं मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। नौ चक्रों तक चले इस टूर्नामेंट में पटना के मोहम्मद ताब्शीर आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। किशन कुमार 7.5 अंकों के साथ दूसरे और मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के अंतिम नौवें चक्र में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा और पटना के ताब्शीर आलम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। इस परिणाम के साथ ताब्शीर ने 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने खगड़िया के शुभम कुमार को पराजित कर 7.5 अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

ताब्शीर को कड़ी टक्कर देने वाले प्रणीत सिन्हा ने 7 अंक जुटाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दरभंगा के भूपनाथ और पटना के रूपेश बी रामचन्द्र भी 7-7 अंकों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अमिताभ चंद्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव हिमांशु कुमार ने किया।
इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष अभिजीत कुमार, उपाध्यक्ष रविशंकर कुमार एवं राकेश कुमार त्रिवेदी, आभाष कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार एवं मनीष कुमार, सदस्य राघवेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार एवं विजय कुमार, मुख्य निर्णायक नंदकिशोर श्रीवास्तव, आलोक प्रियदर्शी, दामोदर कुमार, चन्द्र राज, प्रत्यूष कुमार, अंकित कुमार मिश्रा और अजय कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची
- मोहम्मद ताब्शीर आलम – 8 अंक (पटना)
- किशन कुमार – 7.5 अंक (बेगूसराय)
- प्रणीत सिन्हा – 7 अंक (मुजफ्फरपुर)
- भूपनाथ – 7 अंक (दरभंगा)
- रूपेश बी रामचन्द्र – 7 अंक (पटना)
- विजय कुमार – 7 अंक (पटना)
- विपल सुभाषी – 6.5 अंक (पटना)
- विवेक शर्मा – 6.5 अंक (पटना)
- सुधीर कुमार सिन्हा – 6.5 अंक (पटना)
- देवांश केशरी – 6.5 अंक (पटना)




