पटना। सीएबी ग्राउंड पर सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।
पहले सेमीफाइनल में ट्रैम्फैंट ने करुणा किंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएबी ने फिनिक्स टीम बी को सात विकेट से हराया। अब गुरुवार को दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए भिड़ंत होगी।

15 रन पर सिमटी करुणा किंग्स
पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने करुणा किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ट्रैम्फैंट के गेंदबाजों के सामने करुणा के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 21 ओवर के मुकाबले में करुणा की पूरी टीम महज 11.4 ओवर में 15 रन पर सिमट गई। इसमें सात रन अतिरिक्त के रहे। ट्रैम्फैंट के कप्तान मयंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में चार मेडन के साथ महज चार रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं प्रियांशु यादव ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी ने महज 1.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 20 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राहुल की गेंदबाजी से सीएबी की जीत
दूसरे सेमीफाइनल में फिनिक्स टीम बी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स की टीम 17 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अतिरिक्त 21 रन बने, जबकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सीएबी के राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में सीएबी ने 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
आर्यन ने नाबाद 17 और हर्षित राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में 17 रन भी टीम के खाते में जुड़े। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब गुरुवार को ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।




