पटना। बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र के मुकाबले समाप्त होने के बाद 30 खिलाड़ी पूरे दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. इनमें पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार और विवेक शर्मा समेत कई वरीय खिलाड़ी शामिल हैं. प्रतियोगिता का आयोजन अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ की ओर से चंद्र विला फार्म हाउस में किया जा रहा है.
दूसरे चक्र में पहले बोर्ड पर सफेद मोहरों से खेलते हुए पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी ने पटना की अदीबा उल्लाह को 37 चालों में पराजित किया. विपल ने शुरुआत से ही सधी हुई चालें चलते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी. दबाव में अदीबा समय पर चाल चलने में चूकती रहीं और अंततः उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने वैशाली के अहमद सबा करीम को 59 चालों में हराया. सिसिलियन एलपीन ओपनिंग से शुरू हुए इस मुकाबले में किशन ने धीरे-धीरे अपनी स्थिति मजबूत की. 42वीं चाल में अहमद की वजीर लेने के बाद उन्होंने जीत की राह आसान कर ली. अहमद ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंततः उन्हें बाजी छोड़नी पड़ी.
तीसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने लंदन सिस्टम ओपनिंग खेलते हुए भागलपुर के आनंद शेखर को 55 चालों में शिकस्त दी. वहीं, पीयूष कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार, भूपनाथ और बी. रामचंद्र रूपेश समेत कई खिलाड़ियों ने भी अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए.
दूसरे चक्र के प्रमुख मुकाबले
दूसरे चक्र में विपल सुभाषी ने अदीबा उल्लाह को, किशन कुमार ने अहमद सबा करीम को और विवेक शर्मा ने आनंद शेखर को हराया. इसके अलावा पीयूष कुमार ने रित्तिक कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा ने जयसवाल जाविन, भूपनाथ ने प्रबल सिंह, विजय कुमार ने वीर विक्रम, बी. रामचंद्र रूपेश ने वैभव कुमार मिश्रा, मोहम्मद तब्शीर आलम ने सत्यम शर्मा और कुमार शुभम ने रंजन कुमार पॉल को पराजित किया.
दो चक्रों के बाद 30 खिलाड़ी दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि छह खिलाड़ी डेढ़ अंक लेकर अगले स्थान पर बने हुए हैं. प्रतियोगिता में आगे के मुकाबलों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और रोचक होने की उम्मीद है.




