पटना। 33वीं बालक एवं 26वीं बालिका सब-जूनियर आट्या-पाट्या राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले चयनित खिलाड़ियों की बेहतर तैयारी को लेकर आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं पटना जिला आट्या-पाट्या एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक हैदराबाद, तेलंगाना में किया जाएगा। जिसमें बिहार की बालक एवं बालिका वर्ग से 30 खिलाड़ी बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार के चयनित खिलाड़ियों के लिए 21 से 26 सितंबर 2026 तक पटना में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों को तकनीकी, शारीरिक एवं मैच संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए टीम को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।

आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव तरुण कुमार आज़ाद ने बताया कि सभी जिलों से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को 21 सितंबर को सुबह 10 बजे राजा उत्सव कम्युनिटी हॉल, पटना में रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान चयनित खिलाड़ियों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से की जाएगी। एसोसिएशन का उद्देश्य बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और राज्य के लिए शानदार प्रदर्शन सुनिश्चित करने की दिशा में मजबूत तैयारी करना है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश शाह, राष्ट्रीय कोच आरुष कुमार आजाद एवं कोषाध्यक्ष इं. सत्येन्द्र कुमार सिन्हा* ने सभी जिला आट्या-पाट्या एसोसिएशन से चयनित खिलाड़ियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। बिहार आट्या-पाट्या टीम अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए पूरी तरह तैयारी में जुट गई है।





