हाजीपुर: पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान स्मृति द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बिहार ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों का खिताब जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फेडरेशन के निर्देशन में सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार तथा सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में अक्षयवट राय स्टेडियम, हाजीपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार का दबदबा देखने को मिला। पुरुष वर्ग के फाइनल में हैप्पी कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि महिला वर्ग में निक्की कुमारी को वूमेन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
पुरुष वर्ग में बिहार ने झारखंड को 7 विकेट से हराया
पुरुष वर्ग के फाइनल में झारखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में तीन विकेट पर 147 रन बनाए। अंकित ने शानदार 102 रन, जबकि मनीष यादव ने 15 रन की पारी खेली। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 149 रन बनाते हुए सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। बिहार की ओर से हैप्पी कुमार ने 75 और अनिकेत ने 57 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।

महिला वर्ग में बिहार ने 57 रन से दर्ज की जीत
महिला वर्ग के फाइनल में बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में तीन विकेट पर 173 रन का विशाल स्कोर बनाया। निक्की कुमारी ने 36 गेंदों पर 102 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि प्रीती ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। जवाब में शेष बिहार की टीम 10 ओवर में दो विकेट पर 116 रन ही बना सकी। प्रिया ने 31 गेंदों पर 69 और दीपा ने 12 गेंदों पर 22 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। बिहार ने मुकाबला 57 रन से अपने नाम किया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
फाइनल मुकाबलों के बाद बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में जिला पार्षद मुकेश पासवान, समाजसेवी संजीत कुमार, सतीश पाठक, चिकित्सक संघर्ष मोर्चा के सचिव डॉ. रंजन कुमार, इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फेडरेशन के महासचिव साबिर खान, संयुक्त सचिव नाजिर खान, मदन सिंह राठौड़, पर्यवेक्षक अनिल लहरी, झारखंड के सचिव संजीव कुमार झा, सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के कोषाध्यक्ष गौरी शंकर, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा और राजेंद्र कुमार बनफूल मौजूद रहे।
समारोह की अध्यक्षता सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सुजय सौरभ ने की। अतिथियों का स्वागत वैशाली जिला संघ के सचिव रवि रंजन कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बिहार संघ के सचिव ज्योति कुमार ने दिया। मंच संचालन दीपक सिंह कश्यप और सुरेश मिश्रा ने किया।




