पटना। राजधानी के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बार फिर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा की स्मृति में आयोजित होने वाली 18वीं रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज 25 जुलाई से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में होगा। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है, जबकि इसके सफल संचालन की जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन को सौंपी गई है।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि रणधीर वर्मा इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट वर्षों से बिहार के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देता रहा है। इस बार भी प्रतियोगिता को बेहतर सुविधाओं और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के साथ आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और भविष्य के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण हर मुकाबला बेहद अहम होगा और टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। ऐसे प्रारूप में दर्शकों को रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मैच देखने को मिलेंगे।
आयोजकों ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए कई आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की है। प्रत्येक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज के सम्मान से नवाजा जाएगा। इसके अलावा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ आकर्षक नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
सतीश राजू ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने या अन्य जानकारी के लिए इच्छुक स्कूल एवं खिलाड़ी सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क कर सकते हैं।






