पटना। नेपाल के पोखरा रंगशाला स्टेडियम में आयोजित पहली इंडो-नेपाल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 का खिताब भारतीय टीम ने अपने नाम कर इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान नेपाल को 28 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस ऐतिहासिक जीत में बिहार के प्रतिभाशाली क्रिकेटर भूषण (राणा क्रिकेट अकादमी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी बेहतरीन पारी की सराहना हर ओर हो रही है।

भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत राज, सचिव आदित्य कुमार, संयुक्त सचिव अभिनव गिरी सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भूषण को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता बिहार के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है।
पदाधिकारियों ने कहा कि भूषण ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी वह अपने शानदार खेल से भारत और बिहार का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
एसोसिएशन ने भूषण के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।





