पटना। सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में आयोजित प्लानेट इंटीरियर एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड प्रायोजित 8वें बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप अंडर-13 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। सीएबी की जीत के नायक श्रेष्ठ सुमन रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक सहित छह विकेट झटके।
ट्रैम्फैंट सीसी ने लर्निक फाउंडेशन को 56 रन से हराया
दिन के पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में ट्रैम्फैंट सीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 133 रन बनाए। टीम की ओर से आकाश राज ने 50 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अर्पित राज ने 24 और प्रियांशु यादव ने 22 रन का योगदान दिया। लर्निक फाउंडेशन के लिए आरव कुमार चंद्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर पांच विकेट लिए। वेदांत वरुण और यश कुमार सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लर्निक फाउंडेशन की टीम 21 ओवर में 9 विकेट पर 77 रन ही बना सकी। ट्रैम्फैंट की ओर से प्रियांशु यादव ने तीन विकेट लिए, जबकि मयंक ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
ट्रैम्फैंट सीसी: 18.5 ओवर में 133 (आकाश राज 50, अर्पित राज 24, प्रियांशु यादव 22; आरव कुमार चंद्रा 5/25, वेदांत वरुण 2/25, यश कुमार सिंह 2/26)
लर्निक फाउंडेशन: 21 ओवर में 77/9 (वेदांत वरुण 12, प्रतिक 10; प्रियांशु यादव 3/13, मयंक 2/6)

श्रेष्ठ सुमन की हैट्रिक, सीएबी सात विकेट से विजयी
दिन के दूसरे प्री-क्वार्टरफाइनल में बिहार कैम्ब्रीज क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 21 ओवर में 8 विकेट पर 71 रन बनाए। विवेक ने 22 और सागर सिंह ने नाबाद 11 रन बनाए। सीएबी के श्रेष्ठ सुमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 11 रन देकर छह विकेट चटकाए और हैट्रिक भी अपने नाम की।
72 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार ने 18 ओवर में तीन विकेट खोकर 72 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। विवेक ने 16 और आर्यन सिन्हा ने नाबाद 11 रन बनाए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए श्रेष्ठ सुमन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
बिहार कैम्ब्रीज क्रिकेट एकेडमी: 21 ओवर में 71/8 (विवेक 22, सागर सिंह नाबाद 11; श्रेष्ठ सुमन 6/11, राहुल 1/10, रयान कुमार झा 1/8)
क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार: 18 ओवर में 72/3 (विवेक 16, आर्यन सिन्हा नाबाद 11; कार्तिक राज 1/11, अरमान 1/5, ओम यादव 1/1)






