पटना। पटना जिला क्रिकेट संघ (PDCA) की विशेष आम बैठक रविवार को पटना स्थित होटल लीलावती में संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला क्रिकेट से जुड़े विभिन्न क्लबों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान बिहार क्रिकेट की वर्तमान परिस्थितियों, जिला क्रिकेट के संचालन और आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त बिहार के पूर्व लोकपाल एवं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव ने फरवरी 2026 में अपनी सिफारिश सर्वोच्च न्यायालय को सौंप दी थी, जिसका पटना जिला क्रिकेट संघ ने स्वागत किया है।

उन्होंने बताया कि लोकपाल ने अपनी सिफारिश में सितंबर 2025 में हुए बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के चुनाव को विभिन्न जिलों के मतदाता सूची में पाई गई अनियमितताओं के कारण रद्द करने की अनुशंसा की है। साथ ही उन्होंने एक प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की सिफारिश की है, जो सभी जिला क्रिकेट संघों के वास्तविक क्लबों का सत्यापन कर पहले जिला स्तर पर चुनाव कराएंगे और उसके बाद बिहार क्रिकेट संघ का चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में विद्यार्थी एथलेटिक क्लब, लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट क्लब, करबीगहिया क्रिकेट क्लब, एवरग्रीन क्रिकेट क्लब, नेहरू मेमोरियल क्रिकेट क्लब, पीर मोहानी क्रिकेट क्लब, वाईएसीसी मीठापुर, ईगल क्रिकेट क्लब, भंवर पोखर क्रिकेट क्लब, अनीसाबाद क्रिकेट क्लब, नेशनल क्रिकेट क्लब, हरक्यूलिस क्रिकेट क्लब, पायनियर क्रिकेट क्लब, वैशाली क्रिकेट क्लब, मालसलामी एकादश, वाईएसी सिटी, अनीसाबाद सीसी, ब्लू स्टार क्रिकेट क्लब और यूथ यूनियन क्रिकेट क्लब सहित कई क्लबों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
बैठक में उपस्थित क्लबों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिस समिति का वे पिछले तीन वर्षों से विरोध करते आ रहे हैं, उसके माध्यम से बिहार क्रिकेट संघ द्वारा जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे आयोजनों पर तत्काल रोक लगाई जाए। उनका कहना था कि जिला क्रिकेट संघ के आंतरिक मामलों में बिहार क्रिकेट संघ को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए तथा केवल निर्वाचित जिला समिति को ही मान्यता दी जानी चाहिए।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पटना जिला टी20 क्रिकेट लीग का आयोजन जल्द कराया जाएगा। इसके लिए आयोजन समिति का भी गठन किया गया, जिसमें आनंद मधुकर को अध्यक्ष और आशीष कुमार को संयोजक नियुक्त किया गया।बैठक में पटना जिला क्रिकेट संघ से संबद्ध विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






