बिहारशरीफ। नालंदा जिला बी डिवीजन क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए मुकाबले में अलीशाह क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री साईं स्कूल क्लब बी को 133 रन के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। वहीं दूसरे निर्धारित मुकाबले में नालंदा क्रिकेट क्लब ने क्रिकेट अकादमी ऑफ नालंदा को वॉकओवर दे दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलीशाह क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 230 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए हिमांशु ने सर्वाधिक 46 रनों की उपयोगी पारी खेली। उनके अलावा अमित ने 34, अभय ने 32, त्यागी ने 30, रुद्रा ने 24, वी. सागर ने 16 और समीर ने 12 रनों का योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। श्री साईं स्कूल क्लब बी की ओर से सोनू सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 36 रन देकर 4 विकेट झटके। आदित्य ने 23 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि गौरव और सोना को एक-एक सफलता मिली।

231 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्री साईं स्कूल क्लब बी की टीम अलीशाह के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 97 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सुमित ने 21, गौरव ने 19, आदित्य ने 17 और आदि ने 11 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। अलीशाह क्रिकेट क्लब की ओर से समीर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। हिमांशु और अभय ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि वी. सागर और त्यागी ने एक-एक विकेट लेकर टीम की आसान जीत सुनिश्चित की। बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले हिमांशु को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, सचिव गोपाल सिंह, पूर्व सचिव जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, डॉ. संजय कुमार, सिद्धार्थ आनंद एवं अगस्त्य प्रताप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुकाबले में हैदर अली और मनीष राज ने अंपायर की भूमिका निभाई।







