पटना। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा बिहार के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों को उनके घर जाकर सम्मानित करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पटना के कदमकुआं स्थित बुद्ध मूर्ति क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की मॉडर्न पेंटाथलन खिलाड़ी चांदनी कुमारी एवं रूबी कुमारी को सम्मानित किया गया।
भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’, सह-संयोजक राजेश कुमार यादव, विकास कुमार गोल्डी, राजीव रंजन यादव, मुकेश पासवान, जे.पी. मेहता तथा महिला खेल प्रकोष्ठ की सह-संयोजिका रेणु कुमारी ने खिलाड़ियों के आवास पर पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से क्रीड़ा प्रकोष्ठ लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” जैसी योजनाएं खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, जिससे युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ा है और उन्हें बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मॉडर्न पेंटाथलन में सिल्वर मेडल विजेता चांदनी कुमारी तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी रूबी कुमारी ने भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के इस प्रयास की सराहना की। दोनों खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन से खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष विकास सिंह, मीडिया सह-प्रभारी सुमित शर्मा, आईटी सेल संयोजक मोहित श्रीवास्तव, प्रवक्ता सचिन राणावत, निलेश दत्त तिवारी, शैलेन्द्र नारायण सोनू, कुंदन कुमार, विपुल सिंह, अभिराम शर्मा, रोशन राठौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।







