पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में कैम्ब्रिज डिस्ट्रॉयर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज बुल्स को 20 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में डिस्ट्रॉयर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 189 रन बनाए, जिसके जवाब में बुल्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन ही बना सकी।
आरुष मुन्ना रंजन की धमाकेदार पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज डिस्ट्रॉयर्स की शुरुआत आक्रामक रही। आनंद प्रकाश ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन टीम को मजबूत आधार आरुष मुन्ना रंजन ने दिया। उन्होंने 51 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। मध्यक्रम में आदित्य रिपु कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 13 गेंदों पर 39 रन ठोक दिए। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए और टीम को 189 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मोहम्मद सामी मिन्हाज का संघर्ष बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज बुल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती दो विकेट मात्र 2 रन पर गंवा दिए। इसके बाद मोहम्मद सामी मिन्हाज ने जिम्मेदारी संभालते हुए 57 गेंदों पर 66 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल था। उन्हें गुड्डू कुमार (30 रन) और प्रणव तारकेश्वर झा (29 रन) का अच्छा साथ मिला, लेकिन अंतिम ओवरों में टीम जरूरी रन गति हासिल नहीं कर सकी और 20 ओवर में 169/7 पर रुक गई।
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
डिस्ट्रॉयर्स की ओर से गेंदबाजी में आदित्य रिपु कुमार, आनंद प्रकाश, गौरव अजय कुमार और कप्तान आयुष सतीश कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान बल्लेबाजों का रहा, जिन्होंने बड़ा स्कोर खड़ा कर दबाव बनाया।







