भोपाल। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन मध्य प्रदेश की वार्षिक आमसभा 20 जून को भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में दिव्यांग खिलाड़ियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा आगामी वर्ष की खेल गतिविधियों और संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अंकित शर्मा ने बताया कि सभा में पिछले वर्ष की उपलब्धियों और संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रत्येक संभाग में कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में विवेक गुप्ता को भोपाल संभाग तथा आनंद तिवारी को जबलपुर संभाग का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया।

आमसभा में आगामी सत्र के दौरान एक प्रीमियर लीग, एक राष्ट्रीय टूर्नामेंट और एक अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा एसोसिएशन की प्रतिष्ठित प्रहलाद ट्रॉफी को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रदेश के 10 संभागों को दो पूल में विभाजित करने तथा खिलाड़ियों की ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन द्विवेदी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गत वर्ष मध्य प्रदेश के छह खिलाड़ियों का चयन इंडिया ए टीम के लिए हुआ, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि पटना में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था।
बैठक के अंत में एसोसिएशन के सचिव आकांक्षु खुराना ने सभी प्रायोजकों, पदाधिकारियों और प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से दिव्यांग क्रिकेट को नई पहचान मिली है तथा भविष्य में इसे और ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
आमसभा में मौजूद पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने दिव्यांग क्रिकेट के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में लिए गए निर्णयों को दिव्यांग क्रिकेट के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







