पटना। क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर खबर है। एचपीएल (अंडर-17) सीजन-2 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी का रविवार को भव्य अनावरण किया गया। आयोजन समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टूर्नामेंट की तैयारियों और पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 जुलाई से सारण जिले के नया गांव मैदान में होगा। इस बार टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले फ्लडलाइट्स की रोशनी में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के पुरस्कारों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, विजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7,500 रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इतना ही नहीं, विजेता और उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को विशेष किट बैग भी दिए जाएंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट में व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी भरमार रहेगी। मैन ऑफ द सीरीज को ट्रॉफी, स्मार्ट वॉच और बिग व्हीलर किट बैग मिलेगा। वहीं बेस्ट बल्लेबाज को ट्रॉफी, सिल्वर प्लेट और टेस्ट पैड, बेस्ट गेंदबाज को ट्रॉफी, सिल्वर प्लेट और कैरी बैग तथा बेस्ट विकेटकीपर को ट्रॉफी एवं सिल्वर प्लेट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा हर मैच के मैन ऑफ द मैच को मोमेंटो और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए कई विशेष सुविधाओं की भी घोषणा की है। सभी टीमों को समिति की ओर से व्हाइट बॉल उपलब्ध कराई जाएगी। खिलाड़ियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था रहेगी तथा 100 किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाली टीमों के लिए आवास की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों की लाइव स्कोरिंग और लाइव स्ट्रीमिंग क्रिकहीरोज प्लेटफॉर्म पर होगी, जबकि मैदान पर बड़ी स्क्रीन पर भी मैचों का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। खास बात यह है कि टूर्नामेंट में हर छक्के पर 100 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ेगा।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला संपन्न होने के बाद भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन पटना के बोरिंग रोड स्थित रेयर विंडो रेस्टोरेंट में किया जाएगा, जहां विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
ट्रॉफी अनावरण समारोह में खेल, मीडिया और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में एचपीएल के चेयरमैन समिताभ कुमार, सचिव प्रवीण कुमार सिन्हा, अध्यक्ष प्रभात कुमार, विनय कुमार, लक्ष्मण गिरि, रोहित कुमार, संजीव कुमार, महाकाल ज्वेलर्स के प्रतिनिधियों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। आयोजकों ने विश्वास जताया कि एचपीएल सीजन-2 युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान करेगा और बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







