पटना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रविवार को मीठापुर स्थित जैन धर्मशाला में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खिलाड़ियों, युवाओं, बुजुर्गों एवं पूर्व खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ वर्षभर खेल एवं फिटनेस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता है, जिससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। सतीश राजू ने कहा कि खेल और योग एक-दूसरे के पूरक हैं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने केंद्र सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियान युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं। बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के कारण भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर पखवाड़ा कार्यक्रम के संयोजक राजेश कुमार यादव ने बताया कि भाजपा के ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत 22 जून से 25 जून तक बिहार के सभी जिलों में खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में योग शिविर के प्रभारी राजीव रंजन यादव के साथ मोहित श्रीवास्तव, सुमित शर्मा, शंकर गुप्ता, रमेश गुप्ता, अभिराम शर्मा, निलेश दत्त तिवारी, नीरज यादव, नीरज सिन्हा एवं सुशील कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







