पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट लीग में खेले गए मुकाबले में कैम्ब्रिज टाइटंस ने कैम्ब्रिज वारियर्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टाइटंस की टीम ने वारियर्स को 19.3 ओवर में 115 रन पर समेट दिया।
कैम्ब्रिज वारियर्स की ओर से यश दिलीप राज ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष कुमार सिंह ने 13 रन का योगदान दिया। टीम के अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टाइटंस के लिए रोहित अनिल कुमार ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं सत्यम कुमार ने 3 और आयुष वर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया।

116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान विक्रम बाबलू चौधरी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद निहाल राज ने 20 गेंदों में 32 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को संभाला। अंत में अंकित झा (नाबाद 12) और श्रीशांत पासवान (नाबाद 18) ने टीम को 17 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
वारियर्स की ओर से कप्तान आयुष कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 3 विकेट लिए, लेकिन उन्हें दूसरे गेंदबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला। टाइटंस ने 18 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।





