पटना। राजधानी के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। अल्फा क्रिकेट अकादमी की ओर से अल्फा समर कप अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जहां युवा खिलाड़ी अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिससे सभी टीमों को पर्याप्त मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज को इंग्लिश विलो क्रिकेट बैट, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को क्रिकेट स्पाइक्स, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को फील्डिंग स्लीव्स तथा मैन ऑफ द सीरीज को विशेष अल्फा जर्सी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफियों से सम्मानित किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता के मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन स्कोरिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे अभिभावक और क्रिकेट प्रेमी कहीं से भी मैचों का आनंद ले सकेंगे और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रख सकेंगे।आयोजकों ने बताया कि बाहर से आने वाली टीमों और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए दानापुर रेलवे स्टेशन से परिवहन व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
अल्फा क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सिर्फ टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी क्षमता को निखार सकें और भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी एवं टीमें अधिक जानकारी के लिए 79033 19578 पर संपर्क कर सकते हैं।






