पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग के पहले सेमीफाइनल में कैम्ब्रिज रॉयल ने रोमांचक मुकाबले में कैम्ब्रिज लायन को 10 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। बल्लेबाजी में शुभम कुमार और कप्तान रामकरण राज की उपयोगी पारियों के बाद गेंदबाजी में शिवम कुमार के शानदार स्पेल ने रॉयल की जीत की नींव रखी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कैम्ब्रिज रॉयल ने 17 ओवर में 165 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत खराब रही और मोहम्मद आमिर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद कप्तान रामकरण राज ने 15 गेंदों पर 23 रन की तेज पारी खेलकर टीम को संभाला। इसके बाद शुभम कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों पर 46 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे।
मध्यक्रम में अमृत गुप्ता ने 19 रन का योगदान दिया, जबकि अंतिम ओवरों में शिवम कुमार ने महज 12 गेंदों पर 33 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम के स्कोर को 165 तक पहुंचा दिया। शिवम ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। अतिरिक्त के रूप में मिले 29 रन भी रॉयल के लिए अहम साबित हुए। लायन की ओर से अंकित तिवारी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन ओवर में 21 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि अंकुश सिंह ने दो विकेट हासिल किए।

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज लायन की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पहले ही ओवर में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान करण पटेल रंजन और अंशुमान सिंह ने पारी को संभाला। करण ने 30 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि अंशुमान सिंह ने 52 गेंदों में 55 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
हालांकि, जैसे ही अंशुमान सिंह आउट हुए, लायन की पारी लड़खड़ा गई। रॉयल के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटककर दबाव बनाए रखा। अंतिम ओवरों में ऋषव राज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 15 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। निर्धारित 20 ओवर में लायन की टीम 8 विकेट पर 155 रन ही बना सकी।
रॉयल की ओर से शिवम कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 30 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। वहीं शुभम कुमार ने दो विकेट लेकर लायन की मध्यक्रम बल्लेबाजी को झटका दिया। ऋषभ राज और निखिल को भी एक-एक सफलता मिली।
बल्ले से 33 रन और गेंद से 3 विकेट लेने वाले शिवम कुमार को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी दमदार भूमिका की बदौलत कैम्ब्रिज रॉयल ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।






