पटना। स्किल बास्केटबॉल अकादमी के तत्वावधान में गुरुवार को राजेंद्र नगर 13ए स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड पर 3×3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुम्हरार के विधायक संजय कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और मैदान के शीघ्र जीर्णोद्धार की घोषणा भी की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में बिहार के अलावा छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में 20 और बालिका वर्ग में 30 टीमों ने अपनी चुनौती पेश की। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

कार्यक्रम में पटना की उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी, पार्षद इंद्रदीप चंद्रवंशी, बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के चेयरमैन सुशील कुमार तथा भाजपा बिहार प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश राजू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
टूर्नामेंट का संचालन स्किल बास्केटबॉल अकादमी के सचिव एवं एनआईएस बास्केटबॉल कोच कौशलेंद्र कुमार की देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में अभिजीत यादव (टेक्निकल हेड, बिहार बास्केटबॉल एसोसिएशन) और अमन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक होगी।
मैदान के जीर्णोद्धार की घोषणा बनी चर्चा का केंद्र
टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान विधायक संजय कुमार गुप्ता द्वारा राजेंद्र नगर 13ए स्थित खेल मैदान के जल्द जीर्णोद्धार की घोषणा खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात साबित हुई। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।






