पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में कैम्ब्रिज फाइटर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर कैम्ब्रिज लायन को 42 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। बल्लेबाजी में अयान के नाबाद अर्धशतक और गेंदबाजी में कार्तिक राज के घातक स्पेल की बदौलत फाइटर ने मुकाबले पर शुरू से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कैम्ब्रिज फाइटर ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से एमडी अयान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों पर नाबाद 64 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। अंकुश यादव ने 29 रन और सागर सिंह ने 14 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अतिरिक्त के रूप में मिले 29 रन भी टीम के लिए अहम साबित हुए।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज लायन की शुरुआत खराब रही। हालांकि कप्तान करण पटेल रंजन ने 42 रन और अंशुमान राज ने 24 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। नतीजतन पूरी टीम 18.2 ओवर में 108 रन पर सिमट गई।
फाइटर की जीत के सबसे बड़े नायक कार्तिक राज रहे। उन्होंने अपनी सटीक और अनुशासित गेंदबाजी से लायन की बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। कार्तिक ने चार ओवर में केवल 16 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके अलावा प्रियांशु 07 ने 3 विकेट और कप्तान शिवम ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
कार्तिक राज के मैच विजेता प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी घातक गेंदबाजी ने मुकाबले का रुख पूरी तरह फाइटर की ओर मोड़ दिया और टीम को एकतरफा जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।





