पटना। लिट्रा वैली स्कूल में आयोजित बिहार राज्य सब जूनियर (अंडर-15) शतरंज चैंपियनशिप अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गई है। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा पटना जिला शतरंज संघ के आयोजन में चल रही इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में दरभंगा के जयेश मिश्रा खिताब से महज एक कदम दूर हैं, जबकि बालिका वर्ग में पटना की ऐशानी पाठक ने एक दौर शेष रहते ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया है।
आठवें चक्र की समाप्ति के बाद जयेश मिश्रा साढ़े सात अंकों के साथ अकेले शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पटना के प्रत्यूष कुमार, अद्विक कुमार, बेगूसराय के अर्थ भारद्वाज और पटना के एकांश भारद्वाज साढ़े छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। ऐसे में अंतिम दौर में जयेश को सिर्फ ड्रॉ की जरूरत है, जबकि हार की स्थिति में खिताब की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

जयेश ने जीती निर्णायक बाजी
दिन का सबसे अहम मुकाबला जयेश मिश्रा और अद्विक कुमार के बीच खेला गया। इससे पहले सातवें दौर में अद्विक ने शीर्ष वरीय खिलाड़ी प्रत्यूष को हराकर सनसनी फैला दी थी, जबकि जयेश ने प्रणीत सिन्हा को मात देकर बढ़त बनाए रखी थी।
आठवें दौर में दोनों आमने-सामने हुए तो मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। गुइको पियानो ओपनिंग से शुरू हुई बाजी में दोनों खिलाड़ियों ने तेजी से मोहरों की अदला-बदली की। 35 चालों के बाद बोर्ड पर सिर्फ एक-एक हाथी और कुछ प्यादे बचे थे तथा मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था। लेकिन जयेश ने शानदार धैर्य और रणनीति का परिचय देते हुए एंडगेम में बढ़त बनाई और लंबी जद्दोजहद के बाद अद्विक को पराजित कर अकेले शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
दूसरे बोर्ड पर अर्थ भारद्वाज और एकांश भारद्वाज के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा। वहीं सुबह प्रत्यूष से हारने वाले प्रत्यूष ने अगले दौर में शानदार वापसी करते हुए सत्यम शर्मा को हराकर खुद को खिताबी दौड़ में बनाए रखा।
ऐशानी ने एक दौर पहले ही जीता खिताब
बालिका वर्ग में पटना की ऐशानी पाठक का दबदबा लगातार कायम है। उन्होंने आठवें दौर में प्रतिक्षा राज को 55 चालों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में पराजित कर आठ अंक हासिल किए और एक दौर शेष रहते ही चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में ऐशानी ने शानदार निरंतरता और परिपक्व खेल का प्रदर्शन किया है। उनकी जीत ने यह साबित कर दिया कि वह इस प्रतियोगिता की सबसे मजबूत दावेदार थीं।
दूसरे स्थान के लिए रोमांचक जंग
बालिका वर्ग में दूसरे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका और सारण की मोहिनी पंडित के बीच सिसिलियन क्लासिकल ओपनिंग में मुकाबला हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन अंततः मोहिनी ने 52वीं चाल में मात देकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। वहीं भोजपुर की अर्पिता सिंह ने तीसरे बोर्ड पर सारण की एंजेल को हराकर साढ़े छह अंक जुटा लिए। अब मोहिनी, अर्पिता और प्रतिक्षा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं और अंतिम दौर में उपविजेता बनने की लड़ाई बेहद दिलचस्प रहने वाली है।
आज होगा विजेता का फैसला
प्रतियोगिता का अंतिम और निर्णायक दौर सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। इसके बाद अपराह्न तीन बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।






