पटना। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पटना जिला शतरंज संघ द्वारा लिट्रा वैली स्कूल में आयोजित बिहार राज्य सब जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में छठे चक्र के मुकाबलों के बाद खिताबी जंग और रोचक हो गई है। बालिका वर्ग में पटना की ऐशानी पाठक छह अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर चुकी हैं, जबकि बालक वर्ग में पटना के प्रत्यूष कुमार, अद्विक कुमार और दरभंगा के जयेश मिश्रा साढ़े पांच-साढ़े पांच अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
बालिका वर्ग में शीर्ष बोर्ड पर ऐशानी पाठक और अभिश्री दीपू के बीच खेला गया मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा। लंदन सिस्टम से शुरू हुई इस बाजी में ऐशानी ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और महज 15 चालों के भीतर खेल पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली। 13वीं चाल में अभिश्री की एक गलती उन्हें भारी पड़ गई, जिसके चलते उन्हें अपना बिशप गंवाना पड़ा। इसके बाद ऐशानी ने लगातार दबाव बनाए रखा और 31वीं चाल में एक और महत्वपूर्ण मोहरा जीतने की स्थिति बनाते ही अभिश्री ने हार स्वीकार कर ली।

दूसरे बोर्ड पर सारण की मोहिनी पंडित ने पटना की शालिनी श्रीवास्तव को सिसिलियन क्लासिकल ओपनिंग में पराजित कर अपनी दावेदारी मजबूत की। मुकाबले के 46वें चाल में शालिनी का एक गलत निर्णय निर्णायक साबित हुआ और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ मोहिनी साढ़े पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
बालक वर्ग में सबसे चर्चित मुकाबला शीर्ष वरीय खिलाड़ी प्रत्यूष कुमार और दूसरी वरीयता प्राप्त जयेश मिश्रा के बीच खेला गया। दोनों खिलाड़ियों ने बेहद संयमित और उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। पूरे मुकाबले में किसी भी खिलाड़ी को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी और अंततः दोनों ने ड्रॉ पर सहमति जताते हुए अंक बांट लिए।
दूसरे बोर्ड पर दिन का सबसे लंबा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां पटना के अद्विक कुमार ने मुजफ्फरपुर के तेजस शांडिल्य को 89 चालों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में पराजित किया। सिसिलियन क्लासिकल ओपनिंग से शुरू हुई इस बाजी में कई उतार-चढ़ाव आए। एंडगेम में अद्विक ने 80वीं चाल में अपने प्यादे को वजीर में तब्दील कर निर्णायक बढ़त बना ली। इसके बाद तेजस ने कुछ और चालों तक संघर्ष किया, लेकिन अंततः 89वीं चाल के बाद हार मान ली।
अन्य मुकाबलों में मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा, बेगूसराय के अर्थ भारद्वाज, पटना के अचिन्त्य कश्यप और एकांश भारद्वाज ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर शीर्ष खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। ये सभी खिलाड़ी पांच-पांच अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर मौजूद हैं।
छह चक्रों के बाद प्रतियोगिता निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। बालिका वर्ग में ऐशानी पाठक ने बढ़त बना ली है, जबकि बालक वर्ग में प्रत्यूष, जयेश और अद्विक के बीच खिताब की जंग बेहद रोमांचक हो गई है। आने वाले दौरों में होने वाले मुकाबले यह तय करेंगे कि राज्य का नया सब जूनियर चैंपियन कौन बनेगा।






