पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में कैम्ब्रिज ब्लास्टर ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रिज रॉयल को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति के आधार पर 28 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मैच में जहां कैम्ब्रिज रॉयल के लिए शुभम कुमार ने शानदार अर्धशतक जड़ा, वहीं ब्लास्टर के ओजैर और रक्षित ने बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन कर जीत की पटकथा लिखी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली कैम्ब्रिज ब्लास्टर की टीम ने शुरुआती झटकों के बावजूद रॉयल को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया। हालांकि रॉयल के बल्लेबाज शुभम कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 58 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके शामिल रहे। शुभम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा रोहित कुमार ने 13 रन और कप्तान रामकरण राज ने 12 रन का योगदान दिया। शुभम के आउट होने के बाद रॉयल की पारी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अतिरिक्त 26 रन की मदद से टीम 19.5 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई।
ब्लास्टर की ओर से गेंदबाजी में ओजैर और रक्षित कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने तीन-तीन विकेट हासिल कर रॉयल की बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया। वहीं रोहित रंजन, अरमान और एमडी फैसल अली को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज ब्लास्टर ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज ओजैर ने मात्र 16 गेंदों पर नाबाद 32 रन ठोक दिए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे। दूसरे छोर पर रक्षित कुमार ने 12 गेंदों में नाबाद 14 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए अविजित 55 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इसी दौरान मौसम ने करवट ली और बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा। निर्धारित समय में खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका, जिसके बाद डीएलएस पद्धति लागू की गई। उस समय ब्लास्टर 4.4 ओवर में बिना विकेट खोए 55 रन बना चुका था और आवश्यक रनरेट से काफी आगे था। इसी आधार पर ब्लास्टर को 28 रन से विजेता घोषित किया गया।






