पटना। कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में कैम्ब्रिज किंग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में कैम्ब्रिज हंटर को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए मैच में हंटर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 114 रन बनाए, जिसके जवाब में किंग ने 14 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैम्ब्रिज हंटर की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना कोई रन बनाए अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद रौनक कुमार (19) और जसवंत राज (23) ने पारी को संभालने का प्रयास किया। मध्यक्रम में विवेक ने सिर्फ 13 गेंदों पर 23 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अतिरिक्त 27 रन की मदद से हंटर ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 114 रन बनाए। कैम्ब्रिज किंग की ओर से अंशू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं दिव्यांशु ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि ऋषभ और सर्वजीत कुमार को एक-एक सफलता मिली।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज किंग की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर गए। इसके बाद लक्ष्मण यादव ने 21 रन और बिट्टू मैक्सी ने 22 रन बनाकर पारी को संभाला। मैच का रुख तब बदला जब अमर कुमार निशाद ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 13 गेंदों में 26 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और एक छक्का शामिल था।
अंतिम चरण में दिव्यांशु ने 9 गेंदों पर नाबाद 15 रन की तेज पारी खेली और कप्तान आनंद साहू के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। कैम्ब्रिज किंग ने 14 ओवर में 118 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। हंटर की ओर से विवेक ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावित किया। उन्होंने बल्लेबाजी में 23 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में 2 विकेट भी लिए। हालांकि उनका प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए अंशू और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए अमर कुमार निशाद आकर्षण का केंद्र रहे। कैम्ब्रिज किंग की इस जीत ने टीम का मनोबल बढ़ा दिया है और लीग में उसकी दावेदारी को मजबूत किया है। वहीं दिव्यांशु को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.






