पटना। श्रीकृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित कासा पिकोला कॉरपोरेट स्कूल क्रिकेट लीग (अंडर-12) का रोमांचक फाइनल बुधवार को खेला गया, जिसमें सुनामी फाइटर्स ने सायकलोन ब्लास्टर्स को 24 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-15 की ट्रॉफी पर अर्थक्वेक स्टापर्स 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच से पहले खिलाड़ियों का परिचय कराकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि वार्ड-21 की पार्षद श्वेता रंजन रही, जिन्होंने समारोह के दौरान प्लेयर ऑफ द मैच आदित्य राज को पुरस्कार प्रदान किया। मुख्य अतिथि का स्वागत समीक्षा व निशि ने शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर भव्य रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेश के महासचिव सह आयोजन सचिव नवीन कुमार ने किया।
अंडर—12 फाइनल
टॉस जीतकर सुनामी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और उन्होंने मजबूत स्कोर खड़ा किया, जो जीत के लिए पर्याप्त साबित हुआ। सुनामी फाइटर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 156/6 बनाए। आदित्य राज ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 52 रन बनाये और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रेयांश केशरी ने 19 और यश राज ने 26 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। टीम को 23 अतिरिक्त रन भी मिले, जिससे कुल स्कोर में मजबूती आई।
जवाब में सायकलोन ब्लास्टर्स ने भी चुनौतिपूर्ण प्रतिस्पर्धा दिखाई और 20 ओवर में 132/4 पर रुक गई। आयुष्मान जैन ने बेहतरीन नाबाद 50 रन बनाये और आदित्य प्रकाश ने 40 रन जोड़े। अभिनव राज ने 16 रन दिए। गेंदबाजी में रेयांश केशरी ने सर्वाधिक 2/14 का आंकड़ा दर्ज किया, जबकि अनमोल राज ने 1/15 और कृष्णा ने 1/13 विकेट लिए।
संक्षिप्त स्कोर
सुनामी फाइटर्स: 20 ओवर में 156/6, आदित्य राज 52, रेयांश केशरी 19, यश राज 26, युवराज राज 13, आदित्य कुमार मिश्रा 10, अतिरिक्त 23, आरव 2/33, अंशुमान 1/22, शौर्य 1/18, आशुतोष 2/8.
सायकलोन ब्लास्टर्स: 20 ओवर में 132 /4, आयुष्मान जैन नाबाद 50, आदित्य प्रकाश 40, अभिनव राज 16, अतिरिक्त 21, रेयांश केशरी 2/14, अनमोल राज 1/15, कृष्णा 1/13.
अंडर—15 का फाइनल
कासा पिकोला कॉरपोरेट स्कूल क्रिकेट लीग (अंडर-15) का रोमांचक फाइनल मुकाबला टायकून लेजेंडस और अर्थक्वेक स्टापर्स के बीच हुआ। टायकून लेजेंडस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 135/9 का सम्मानजनक स्कोर बनाया। रुणित सिन्हा ने टीम की ओर से सर्वाधिक 30 रन बनाए जबकि आस्तित्व चंद्रा ने 27 और अमृत राज ने 19 रन जोड़े। रिषि सिंह ने नाबाद 26 रन की उपयोगी पारी खेलकर अंत में हालात संभाले। टीम को अतिरिक्त 13 रन भी मिले।
जवाब में अर्थक्वेक स्टापर्स ने अनुशासित बल्लेबाजी कर मैच को जल्द ही अपनी मुट्ठी में ले लिया और 15.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 136/3 बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के प्रदर्शन की रीढ़ कप्तान विश्वजीत आनंद रहे, जिन्होंने नाबाद 33 रन बनाकर अपनी टीम को निर्णायक जीत दिलाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साथ में अक्षय आनंद ने 37 और आयुष ने नाबाद 33 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम को 15 अतिरिक्त रन भी मिले।
संक्षिप्त स्कोर
टायकून लेजेंडस: 20 ओवर में 135/9, आस्तित्व चंद्रा 27, अमृत राज 19, रुणित सिन्हा 30, रिषि सिंह नाबाद 26, अतिरिक्त 13, विश्वजीत आनंद 1/35, अभि सिंह 1/29, पृथ्वी 2/12, आयुष्मान जैन 2/22, अभिनव राज 2/29.
अर्थक्वेक स्टापर्स: 15.1 ओवर में 136/3, आशीष राज 16, अक्षय आनंद 37, आयुष नाबाद 33, विश्वजीत आनंद नाबाद 33, अतिरिक्त 15, पियूष 1/24, अर्चित खडदे 2/29







