पटना। श्रीकृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित कासा पिकोला कॉरपोरेट स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12 में मंगलवार को सुनामी फाइटर्स ने स्ट्राम बीटर्स को 34 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे मुकाबले में सायकलोन ब्लास्टर्स ने हरिकेन वारियर्स को 10 रन से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब फाइनल में सुनामी फाइटर्स और सायकलोन ब्लास्टर्स आमने-सामने होंगे। आयोजन सचिव नवीन कुमार ने बताया कि बुधवार को लीग के दोनों वर्गों का फाइनल खेला जाएगा।
रेयांश और आदित्य की दमदार बल्लेबाजी से सुनामी जीता
दिन के पहले मैच में सुनामी फाइटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम के ओपनर आदित्य राज (42) और रेयांश केशरी (44) ने शानदार पारियां खेलते हुए मजबूत शुरुआत दिलाई। अंत में युवराज राज ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट पर 153 रन तक पहुंचाया।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्ट्राम बीटर्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। आरव चंद्रा ने 30 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। सुनामी फाइटर्स ने मुकाबला 34 रन से अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में युवराज राज और प्रत्युष रंजन ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रेयांश केशरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ब्लास्टर्स ने वारियर्स को हराया
दूसरे मैच में सायकलोन ब्लास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 132 रन बनाए। आयुष्मान जैन ने 28 रन और आदित्य प्रकाश ने नाबाद 26 रन का योगदान दिया। टीम के लिए अतिरिक्त 50 रन भी महत्वपूर्ण साबित हुए।
जवाब में हरिकेन वारियर्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 122 रन ही बना सकी। अभिनव (22), सिद्धार्थ गौतम (20) और आयुष कुमार (17) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम जीत से 10 रन दूर रह गई। ब्लास्टर्स की ओर से रौनक सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट मात्र 7 रन देकर झटके। शौर्य और अंशुमान ने भी दो-दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रौनक सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
संक्षिप्त स्कोर
सायकलोन ब्लास्टर्स: 20 ओवर में 132/7 (आयुष्मान जैन 28, आदित्य प्रकाश नाबाद 26; निखिल कुमार 3/19, अनुराग यादव 2/28)
हरिकेन वारियर्स: 20 ओवर में 122/9 (अभिनव 22, सिद्धार्थ गौतम 20, आयुष कुमार 17; रौनक सिंह 2/7, शौर्य 2/16, अंशुमान 2/23)






