कटिहार: अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को सफल समापन हो गया। चार दिनों तक कटिहार के मॉफरगंज स्थित अग्रसेन भवन में चली इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में पटना के देवांश केशरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंतिम चक्र में उन्होंने किशनगंज के सुरोनय दास के साथ मुकाबला ड्रॉ खेला। इसके साथ ही देवांश 6 अंकों के साथ प्रतियोगिता के विजेता बने। वहीं 5.5 अंकों के साथ सुरोनय दास उपविजेता रहे। दरभंगा के हर्षवर्धन सिंह ने भी 5.5 अंक अर्जित किए, लेकिन टाई-ब्रेक के आधार पर तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में छपरा की मोहिनी पंडित ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत खिताब पर कब्जा जमाया। अंतिम दौर में उन्होंने मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज के साथ मुकाबला ड्रॉ खेलते हुए 5.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं पटना की आराध्या प्रकाश ने अंतिम दौर में सहरसा की अनिका यादव को हराकर 5 अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। अग्रिमा राज 4.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि तारिक अनवर, कटिहार की महापौर ऊषा अग्रवाल तथा जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कटिहार जिला शतरंज संघ के उपाध्यक्ष गीत अविनाश, सचिव एवं मुख्य आयोजक प्रत्यूष कुमार, डॉ. आलोक, मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के सचिव हिमांशु कुमार, मुख्य निर्णायक नंदकिशोर, उप मुख्य निर्णायक चंद्र राज तथा निर्णायक मीना यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में राज्यभर के युवा खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों का मानना है कि इन खिलाड़ियों में भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता है।
ओपन वर्ग के शीर्ष-10 खिलाड़ी
- देवांश केशरी (पटना) – 6 अंक
- सुरोनय दास (किशनगंज) – 5.5 अंक
- हर्षवर्धन सिंह (दरभंगा) – 5.5 अंक
- जविन जायसवाल (पटना) – 5.5 अंक
- शिवांश बर्नवाल (पश्चिम चंपारण) – 5.5 अंक
- रुद्र वीर सिंह (खगड़िया) – 5.5 अंक
- अनंत शौर्य झा (सहरसा) – 5 अंक
- पार्थव (मुजफ्फरपुर) – 5 अंक
- हर्ष भारती (वैशाली) – 5 अंक
- मो. मोईन हयात (मधुबनी) – 5 अंक
बालिका वर्ग के शीर्ष-10 खिलाड़ी
- मोहिनी पंडित (छपरा) – 5.5 अंक
- आराध्या प्रकाश (पटना) – 5 अंक
- अग्रिमा राज (मुजफ्फरपुर) – 4.5 अंक
- वंशिका माहेश्वरी (पटना) – 4.5 अंक
- अनिका यादव (सहरसा) – 4 अंक
- मनीषा यादव (दरभंगा) – 4 अंक
- सान्वी सिंह (पटना) – 4 अंक
- धान्वी कर्माकर (किशनगंज) – 4 अंक
- राजश्री (पटना) – 3.5 अंक
- अपर्णा शर्मा (किशनगंज) – 3.5 अंक






