पटना: पटना जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 6वीं बिहार स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का रविवार को रामदेव महतो सभागार, मंगल तालाब, पटना सिटी में भव्य समापन हुआ। राज्य के विभिन्न जिलों से आए करीब 250 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रत्नेश कुशवाहा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा खेल प्रकोष्ठ की संयोजिका कंचन कुमारी, मीडिया प्रभारी मोहित श्रीवास्तव तथा प्रेम प्रकाश मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव जे पी मेहता ने की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों और शानदार प्रदर्शन के बाद पटना जिला की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि शेखपुरा जिला की टीम उपविजेता रही।

दो दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में खिलाड़ियों ने दमदार तकनीक, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय दिया। बालक और बालिका दोनों वर्गों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपने-अपने जिलों का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में टेक्निकल ऑफिशियल विक्रांत पंकज, अनामिका सोनू, बबली कुमारी, प्रीति कुमारी, राज साक्षी कसक, शुभम कुमार और डॉ. विक्की मौर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आयोजन समिति के रॉकी कुमार, विजय प्रकाश, शेखर कुमार, रविश रमन, बली यादव, निशांत कुमार, कर्मवीर, रिशु राज और आकाश पंकज सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
बालिका वर्ग में पटना, शेखपुरा, वैशाली और सारण की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं बालक वर्ग में शेखपुरा और पटना के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। गया, वैशाली और सारण के खिलाड़ियों ने भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि राज्य में ताइक्वांडो खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।






