पटना। श्रीकृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को कासा पिकोला कॉरपोरेट स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा नेत्री सागरिका चौधरी ने किया। इस अवसर पर सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने किया।
लीग के उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिसमें सुनामी फाइटर्स और साइक्लोन ब्लास्टर्स ने अपने-अपने मैच जीतकर विजयी शुरुआत की। सुनामी फाइटर्स सुनामी फाइटर्स ने 14 रन से जीत दर्ज की, जबकि साइक्लोन ब्लास्टर्स 4 रन से जीता।
प्रत्युष रंजन के ऑलराउंड प्रदर्शन से सुनामी फाइटर्स विजयी
दिन का पहला मुकाबला सुनामी फाइटर्स और हरिकन वारियर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर हरिकन वारियर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनामी फाइटर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 122 रन बनाए। टीम के लिए प्रत्युष रंजन ने नाबाद 32 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि आदित्य राज ने 22 और यश राज ने 12 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में 39 रन मिले। हरिकन वारियर्स की ओर से पुण्य प्रसून ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट 12 रन पर झटके। अनुराग यादव, निखिल और आनंद को एक-एक विकेट मिला।
123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिकन वारियर्स की टीम 19.1 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। अभिनव ने शानदार 64 रन बनाए और सिद्धार्थ गौतम ने 23 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सुनामी फाइटर्स की ओर से कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। प्रत्युष रंजन ने 3 विकेट और युवराज राज ने 1 विकेट हासिल किया। अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रत्युष रंजन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आदित्य प्रकाश की शानदार पारी से साइक्लोन ब्लास्टर्स ने मारी बाजी
दिन के दूसरे मुकाबले में साइक्लोन ब्लास्टर्स का सामना स्ट्रॉम बीटर्स से हुआ। टॉस जीतकर साइक्लोन ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। टीम के लिए आदित्य प्रकाश ने नाबाद 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। आयुष ने 28 और दीप ने 12 रन बनाए। अतिरिक्त रनों के रूप में टीम को 47 रन मिले। स्ट्रॉम बीटर्स की ओर से हरिओम जी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि वेदांत वरुण और आरव कुमार चंद्रा को एक-एक सफलता मिली।
140 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्ट्रॉम बीटर्स ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 135 रन ही बना सकी और मुकाबला 4 रन से गंवा बैठी। वेदांत वरुण ने 38 रन बनाए, जबकि आरव कुमार चंद्रा 46 रन बनाकर नाबाद लौटे। साइक्लोन ब्लास्टर्स की ओर से शौर्य ने 2 विकेट लिए, जबकि आशुतोष को 1 विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए आदित्य प्रकाश को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
संक्षिप्त स्कोर
साइक्लोन ब्लास्टर्स : 20 ओवर में 139/5, आयुष 28, आदित्य प्रकाश नाबाद 38,दीप 12, अतिरिक्त 47, हरिओम जी 3/25, वेदांत वरुण 1/5, आरव कुमार चंद्रा 1/14.
स्ट्रॉम बीटर्स: 20 ओवर में 135/4, वेदांत वरुण 38, आरव कुमार चंद्रा नाबाद 46, अतिरिक्त 37, शौर्य 2/23, आशुतोष 1/13.






