पटना: पटना जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय छठी बिहार स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का शनिवार को मंगल तालाब स्थित रामदेव महतो सभागार, पटना सिटी में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिसमें पटना और शेखपुरा जिले के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
चैंपियनशिप का उद्घाटन भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू, सह संयोजक विकास गोल्डी, पटना साई सेंटर के प्रभारी सोमेश्वर राव, क्रिसेंट स्कूल की निदेशक शालू सराफ, ललिता विद्यास्थानम के निदेशक अमरदेव प्रसाद तथा डॉ. जय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव जय प्रकाश मेहता ने की। उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 250 बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 31 मई को होगा, जहां शाम 5 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, फुर्ती और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। कई मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन पदक तालिका में पटना और शेखपुरा के खिलाड़ियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए बढ़त बनाई। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों और खेल प्रेमियों का खूब मनोरंजन किया। चैंपियनशिप को सफल बनाने में टेक्निकल ऑफिशियल विक्रांत पंकज, अनामिका सोनू, बबली कुमारी, प्रीति कुमारी, राज साक्षी कसक, शुभम कुमार और डॉ. विक्की मौर्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य रविश रमन, प्रेम प्रकाश, रॉकी कुमार, विजय प्रकाश और कुमार कर्मवीर ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन पदकों के लिए मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां राज्य के उभरते ताइक्वांडो खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।






