नालंदा: बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत खेली जा रही बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी के मगध जोन मुकाबले में नालंदा ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए शेखपुरा को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया। नालंदा की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी ताकत का अहसास कराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शेखपुरा की टीम नालंदा के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। पूरी टीम मात्र 90 रन पर सिमट गई। शेखपुरा की ओर से सूरज ने सबसे ज्यादा 21 रन बनाए, जबकि संजीव ने 19, रश्मि ने 15, शुभम ने 13 और नवाज खान ने 10 रन का योगदान दिया।
नालंदा की ओर से गेंदबाजों ने बेहतरीन लाइन और लेंथ के साथ कहर बरपाया। सुमन ने 19 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं राजामणि ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए। मनीष राज को 2 विकेट मिले, जबकि नमन और कुंदन ने एक-एक सफलता हासिल की।

91 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। ओपनर मुन्ना कुमार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 21 गेंदों पर नाबाद 53 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल रहे। वहीं अर्णव किशोर ने भी ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल था।
दोनों बल्लेबाजों की तूफानी पारियों की बदौलत नालंदा ने महज 5.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
शेखपुरा के गेंदबाज नालंदा के बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। रश्मिकांत रंजन ने 2 ओवर में 33 रन खर्च किए, जबकि बिहार रणजी टीम के गेंदबाज नवाज खान ने 3 ओवर में 41 रन लुटा दिए। सूरज विजय ने भी चार गेंदों में 14 रन दे दिए। मुन्ना कुमार को उनकी विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
नालंदा की इस शानदार जीत पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, सचिव गोपाल सिंह, पूर्व सचिव सय्यद जावेद इकबाल, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, कोच दीपक प्रसाद, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय, चयनकर्ता संजय उर्फ पिंटू दा समेत कई खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी।






