पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) मेंस T20 ट्रॉफी 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबले में अरवल की टीम ने वैशाली को 22 रनों से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के नायक रहे दीपेश कुमार गुप्ता, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख ही बदल दिया। दीपेश गुप्ता ने महज 36 गेंदों पर 66 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने अरवल को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
दीपेश का साथ कप्तान शंतनु चंद्रा ने बखूबी निभाया। उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 59 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम की पारी को संभाले रखा। वहीं गेंदबाजी में आदित्य रिपु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

इन तीनों खिलाड़ियों दीपेश गुप्ता, शंतनु चंद्रा और आदित्य रिपुकी खास बात यह है कि ये सभी बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास करते हैं। एक ही एकेडमी से जुड़े खिलाड़ियों का इस तरह का शानदार प्रदर्शन यह दर्शाता है कि यहां खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण मिल रहा है।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अरवल ने 20 ओवर में 171/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में वैशाली की टीम 149/8 रन ही बना सकी। दीपेश गुप्ता की आक्रामक पारी, शंतनु की स्थिरता और आदित्य रिपु की घातक गेंदबाजी ने इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया।





