पटना : राजधानी पटना के संपतचक स्थित लागुन वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में रविवार को अत्याधुनिक स्विमिंग ट्रेनिंग सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उनके साथ बिहार मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग कुमार, ओलंपिक कम्युनिटी के कार्यकारी सदस्य प्रवीण पंकज, बीरेश श्रीवास्तव, सोनू, राहुल कृष्ण कुमार, सचिन शर्मा, नीरज शर्मा, उपेन्द्र सिंह और विवेकानंद पटना जिला के सचिव जीत बलराज सहित कई खेल प्रेमी और खिलाड़ी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान मॉडर्न पेंटाथलॉन खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। खिलाड़ियों की ऊर्जा और कौशल ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर सतीश राजू ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्विमिंग ट्रेनिंग प्रदान करेगा। साथ ही मॉडर्न पेंटाथलॉन के विभिन्न इवेंट्स की भी विशेष कोचिंग यहां उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां उन्हें आधुनिक सुविधाएं, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और बेहतर भविष्य की दिशा मिलेगी।
आयोजकों ने बताया कि इस ट्रेनिंग सेंटर में राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपलब्धता रहेगी, जिससे उभरते खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा। यह पहल न केवल पटना बल्कि पूरे बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





