पटना: दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना ईस्ट में आयोजित दो दिवसीय इंटर-स्कूल शतरंज प्रतियोगिता चेकमेट 2026 का दूसरे दिन भव्य और रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक समझ, धैर्य और अद्भुत प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी और पटना उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के संयुक्त सचिव एवं भाजपा के राज्य प्रवक्ता श्री संजीव कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन अमित प्रकाश, प्राचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड और डिप्टी हेड ऑफ एकेडमिक्स मोहम्मद अशफाक इकबाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच समापन समारोह ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

08 और 09 मई को आयोजित इस प्रतियोगिता में 15 से अधिक विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। दूसरे दिन खेले गए फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां प्रतिभागियों ने सूझबूझ भरी चालों, मानसिक संतुलन और एकाग्रता के दम पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। हर मुकाबला बौद्धिक कौशल और रणनीतिक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, अनुशासन और आत्मविश्वास को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं।
समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। ओवरऑल चैंपियन का खिताब डी.पी.एस. पटना ईस्ट ने अपने नाम किया, जबकि लिट्रा वैली स्कूल उपविजेता रहा। प्राचार्य डॉ. राकेश अल्फ्रेड ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
वर्गवार विजेता
अंडर-11 बालिका वर्ग:
प्रथम – डी.पी.एस. पटना ईस्ट
द्वितीय – कार्मेल हाई स्कूल
अंडर-11 बालक वर्ग:
प्रथम – लिट्रा वैली स्कूल
द्वितीय – डी.पी.एस. दानापुर
अंडर-14 बालिका वर्ग:
प्रथम – ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल
द्वितीय – लिट्रा वैली स्कूल
अंडर-14 बालक वर्ग:
प्रथम – लिट्रा वैली स्कूल
द्वितीय – डी.पी.एस. दानापुर
अंडर-16 बालिका वर्ग:
प्रथम – लिट्रा वैली स्कूल
द्वितीय – डी.ए.वी. खगौल
अंडर-16 बालक वर्ग:
प्रथम – बिशप स्कॉट बॉयज स्कूल
द्वितीय – लिट्रा वैली स्कूल





