गया: बारहवीं जूनियर बिहार राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन गया जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में गया कॉलेज, गया के खेल प्रांगण में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 15 बॉयज और 11 गर्ल्स टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संजय कुमार सिंह (गया जिला क्रिकेट संघ), संजय सिंह (डायरेक्टर, ज्ञानदीप), आनंद शंकर तिवारी, अभिजीत यादव, धीरज रंजन (बिहार बास्केटबॉल एसोसिएशन), सर्वर अली (गया जिला बास्केटबॉल संघ), अंजनी कुमार (स्पोर्ट्स इंचार्ज, गया कॉलेज), आनंद कुमार (प्रेसिडेंट, एथलेटिक्स एसोसिएशन, गया कॉलेज) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के बॉयज वर्ग के फाइनल में सारण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि पटना उपविजेता रहा। मुजफ्फरपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं गर्ल्स वर्ग में मेजबान गया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए चैंपियनशिप जीती, जबकि वैशाली दूसरे और पटना तीसरे स्थान पर रहा।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। बॉयज वर्ग में सारण के आर्यन कुमार को ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया, जबकि गर्ल्स वर्ग में गया की प्रिया कुमारी को यह सम्मान मिला। ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बॉयज वर्ग में मुजफ्फरपुर के आयुष कुमार सिंह और गर्ल्स वर्ग में वैशाली की कोमल कुमारी को दिया गया।
समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। अंत में गया जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।






