पटना: पटना के बोरिंग रोड स्थित शांतीलाल स्वीट्स के सभागार में बिहार मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन की आम बैठक (AGM) अध्यक्ष अनुराग कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के 21 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश राजू, भाजपा नेता विकास कुमार गोल्डी और विकास कुमार सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खेलों के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा, जिला स्तर पर खेलों के विस्तार, राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के आयोजन और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की भागीदारी को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी समीक्षा की गई कि राज्य के किन-किन जिलों में मॉडर्न पेंटाथलॉन का बेहतर विकास हुआ है और किन क्षेत्रों में और प्रयास की आवश्यकता है।

एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सतीश राजू ने अपने संबोधन में कहा कि खेल से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे इस खेल को राज्य और देश स्तर पर आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मॉडर्न पेंटाथलॉन को बिहार के अधिक से अधिक जिलों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में आए सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत नितीश कुमार ने किया।
इस अवसर पर बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, पटना, जमुई, बक्सर, गया, औरंगाबाद, रोहतास, शेखपुरा, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर और वैशाली सहित कुल 21 जिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर बिहार में मॉडर्न पेंटाथलॉन के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।





