पटना, 2 मई 2026: पटना जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में 31वीं पटना जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य आयोजन पाटलिपुत्र परिषद, मंगल तालाब (पटना सिटी) में शुरू हुआ। जेपी मेहता ने बताया कि इस दो दिवसीय चैंपियनशिप में पटना के 8 क्लबों और 7 स्कूलों की टीमों से करीब 270 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 3 मई को होगा, जिसमें शाम 5 बजे विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू, पटना जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव जेपी मेहता, पाटलिपुत्र परिषद के महासचिव संजीव यादव तथा किसान मोर्चा पटना महानगर के उपाध्यक्ष संजीव कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के सचिव जेपी मेहता ने की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में टेक्निकल अधिकारियों साहिल कुमार, अनामिका सोनू, बबली कुमारी, रॉकी कुमार, प्रीति कुमारी, सुधांशु कुमार, भूमि कुमारी और डॉ. अभिराम का महत्वपूर्ण योगदान है। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के सचिव जेपी मेहता ने अंगवस्त्र भेंट कर किया।
यह चैंपियनशिप पटना जिला ताइक्वांडो संघ द्वारा सिटी ताइक्वांडो क्लब के सहयोग से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख भाग लेने वाले संस्थानों में सिटी ताइक्वांडो क्लब, क्रिसेंट कॉन्वेंट स्कूल, न्यू एरा हाई स्कूल, गंगा वैली स्कूल, तरुणाई एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स, एडीफाई स्कूल, स्काई ताइक्वांडो क्लब, अरीना ताइक्वांडो क्लब, ताइक्वांडो एकेडमी जगनपुरा, उषा मार्टिन वर्ल्ड स्कूल और मौर्या ताइक्वांडो क्लब सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।





