पटना: पटना के संदलपुर स्थित प्लीजेंट वैली स्कूल में 30 अप्रैल 2026 से चल रही बिहार राज्य अंडर-9 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। बालक वर्ग में छह चक्रों की समाप्ति के बाद पूर्णिया के आर्यन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5.5 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया। दरभंगा के सात्विक संग्राम 5 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि सहरसा के रुद्र प्रताप ने भी 5 अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर की दिशा कुमारी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पांच में पांच अंक अर्जित कर प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। अंतिम चक्र में उन्होंने पटना की वंशिका महेश्वरी को पराजित कर खिताब जीता। वंशिका 4 अंकों के साथ उपविजेता रहीं। पूर्णिया की नव्या आकृति और किशनगंज की अपर्णा शर्मा ने भी 4-4 अंक अर्जित किए, लेकिन टाई-ब्रेक के आधार पर उन्हें क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान मिला।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्लीजेंट वैली स्कूल के चेयरमैन ललन कुमार सिंह, औषधि निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, पटना जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य चंद्र शेखर आजाद ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव शिवप्रिय भारद्वाज, पटना जिला शतरंज संघ के सचिव विपल सुभाषी, मुख्य निर्णायक मनीष कुमार, उप मुख्य निर्णायक प्रियंका कुमारी, अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर आलोक प्रियदर्शी, फिडे आर्बिटर आशीष राज, निर्णायक जाह्नवी राज सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की उप-प्राचार्या इंद्रजीत कौर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शशिनंद कुमार ने दिया।






