पटना: बिहार के होनहार खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार एक बार फिर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के साथ वह श्रीलंका पहुंच चुके हैं, जहां आगामी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में उनका प्रदर्शन सभी की नजरों में रहेगा।
टीम 30 अप्रैल 2026 को कोलंबो पहुंची, जहां 1 से 3 मई तक तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 4 से 6 मई के बीच टेस्ट मैचों की श्रृंखला आयोजित होगी। धर्मेंद्र कुमार का चयन उनके लगातार शानदार प्रदर्शन और टीम के प्रति समर्पण को देखते हुए किया गया है।
धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से भारतीय दिव्यांग टीम के नियमित सदस्य बने हुए हैं और हर मौके पर अपने खेल से चयनकर्ताओं के भरोसे पर खरे उतरे हैं। श्रीलंका पहुंचने के बाद उन्होंने टीम के साथ अभ्यास सत्र में भी हिस्सा लिया और पूरी तरह मुकाबलों के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और जिले में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे बिहार में गर्व की भावना है। बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के लिए भी यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है कि राज्य का खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
एसोसिएशन के सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा ने धर्मेंद्र को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वह इस दौरे पर भी अपने प्रदर्शन से देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र की सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।





